Home मऊ मऊ में आपसी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या, दोस्त घायल,...

मऊ में आपसी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या, दोस्त घायल, इलाके में हड़कंप

मऊ। जनपद में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। मऊ शहर में आपसी रंजिश को लेकर एक 21 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार बदमाशों ने घात लगाकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अनीश कुमार उम्र 21 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अनीश अपने दोस्त को उसकी बुआ के घर से लेने गया था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार बदमाशों ने सरसेना पेट्रोल पंप के सामने उस पर हमला कर दिया। बदमाशों ने अनीश पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से अनीश गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। इस घटना में उसका दोस्त भी घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने घायल अनीश और उसके दोस्त को तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां जिला चिकित्सक डॉ. नितिन ने जांच के बाद अनीश को मृत घोषित कर दिया। डॉ. नितिन ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि युवक को गोली लगी थी, जिसकी अधिक खून बहने से मौत हो गई। उसके दोस्त का इलाज चल रहा है, उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

0 वारदात के बाद फरार हुए बदमाश…
वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। मृतक के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने इस मामले में जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और बदमाशों की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here