मऊ। जनपद के घोसी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जमालपुर मिर्जापुर में दहेज की मांग को लेकर हुई विवाहिता की हत्या कर शव टांगने के मामले में घोसी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए दोनों अभियुक्तों को न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देश पर अपराध एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार एवं क्षेत्राधिकारी घोसी जितेंद्र सिंह के कुशल निर्देशन एवं प्रभारी निरीक्षक प्रमेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 48 घंटे के भीतर घटना का पर्दाफाश कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम जमालपुर मिर्जापुर निवासी उषा देवी पत्नी दीपचंद ने कोतवाली घोसी में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी बेटी वंदना को उसके ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि दहेज उत्पीड़न के बाद उसकी हत्या कर शव को टांग दिया गया था।
इस मामले में कोतवाली घोसी में 5 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
घोसी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार सुबह करीब 9:25 बजे दो आरोपियों—
अरमान पुत्र कमरुद्दीन उर्फ बेचू (26 वर्ष)
कमरुद्दीन उर्फ बेचू पुत्र स्व. दीनमुहम्मद (48 वर्ष)
दोनों निवासी ग्राम जमालपुर मिज़ाजपुर, थाना घोसी, जनपद मऊ को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रमेन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार यादव, महिला उपनिरीक्षक रिचा सोनी, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार यादव विराट पटेल समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।








