मऊ। जनपद मऊ की बहुचर्चित आदर्श नगर पंचायत घोसी के वर्ष 2023 में हुए चेयरमैन पद के चुनाव को लेकर बड़ा न्यायिक फैसला सामने आया है। जिसे लेकर सियासी गलियारों में भूचाल मच गया है। एडीजे मऊ दीप नारायण तिवारी की अदालत ने चुनाव में पड़े मतों की पुनः मतगणना (रिकाउंटिंग) कराने का आदेश दिया है।
अदालत के आदेश के अनुसार आगामी 17 मई तक कैमरे की निगरानी में पुनः मतगणना कराई जाएगी। कोर्ट के इस फैसले के बाद मऊ जनपद की राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और पूरे जिले में इस मामले की चर्चा जोरों पर है।
गौरतलब है कि घोसी नगर पंचायत में पहली बार बीजेपी के मुन्ना प्रसाद गुप्ता चेयरमैन पद पर निर्वाचित हो इतिहास बनाया था। ऐसे में घोसी नगर पंचायत चुनाव की रिकाउंटिंग के आदेश को राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।
इस मामले में वादी पूर्व चेयरमैन वसीम इकबाल खान सहित अन्य वादियों ने अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि “सत्य की जीत होगी।”
वहीं पूर्व चेयरमैन वसीम इकबाल खान की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता रविन्द्रलाल श्रीवास्तव ने अदालत में मजबूती से पक्ष रखा, जिसके बाद कोर्ट ने पुनः मतगणना का आदेश जारी किया।
अब सभी की निगाहें आगामी 17 मई तक होने वाली रिकाउंटिंग प्रक्रिया और उसके परिणाम पर टिकी हुई हैं। चुनाव के आंकड़ों पर नजर डाले तो बीजेपी के मुन्ना प्रसाद गुप्ता कुल 5423 वोट मिले थे।जबकि पूर्व चेयरमैन वसीम इकबाल को 5026 वोट मिले इस तरह महज 397 वोट से बीजेपी के।मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने जीत दर्ज किया था। वही हाफिज नासिर को 3449 वोट,अब्दुल कयूम अंसारी को 2038 वोट,शिया नेता मौलाना शफकत तकी को 2633 वोट एवं सुभासपा के आकिब सिद्दीकी को 1569 वोट, बीजेपी के वर्तमान मण्डल अध्यक्ष नागेंद्र मध्यएशिया को महज 403 वोट मिले। हालांकि कि परिणाम आने से पहले ही राजनीतिक चर्चायें जोरो पर शुरू हो गई है। तरह तरह के कयासों के बाजार गरम है।








