Home मऊ नदी में डूबने के मामलें मे परिजनों को सरकार से मुआवजा देने...

नदी में डूबने के मामलें मे परिजनों को सरकार से मुआवजा देने की किया मांग

मऊ। समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य लीलावती कुशवाहा रविवार को मधुबन थाना क्षेत्र के गजियापुर गांव पहुंचीं, जहां उन्होंने घाघरा (सरयू) नदी हादसे में दो बेटियों को खो चुके रामविलास यादव के परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
कुशवाहा ने शोक संतप्त परिवार का हालचाल जाना और कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। उन्होंने कहा कि दोनों सगी बहनों ने अपने भाई निर्भय यादव की जान बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। भाई की जान तो बच गई, लेकिन दोनों बहनों ने अपनी जान गंवा दी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि परिवार को इस कठिन समय में कुछ राहत मिल सके।
सरकार पर निशाना साधते हुए लीलावती कुशवाहा ने कहा कि बरसात शुरू होते ही देवारा क्षेत्र की बदहाल सड़कें और जलभराव लोगों के लिए जानलेवा बन जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं की अनदेखी कर रही है, जबकि हर वर्ष खराब सड़कों और बुनियादी सुविधाओं के अभाव में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर देवारा क्षेत्र के विकास, बेहतर सड़क, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर सपा के वरिष्ठ नेता मुसाफिर यादव ने भी भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है। कार्यक्रम में प्रधान चन्द्रभान यादव, किशोर यादव, सीताराम यादव, जिला महामंत्री यादव महासभा, अनीता चौहान, बुची चौहान, सुभद्रा चौहान, सुरेश यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here