संवाददाता: संजय गुप्ता
मधुबन, मऊ। तहसील सभागार में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन और पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्र ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनके निस्तारण के निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 87 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए 5 टीमें गठित कर उन्हें मौके पर रवाना किया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुबह से ही फरियादी अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर तहसील सभागार पहुंचने लगें थे। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने एक-एक करके सभी फरियादियों को बुलाया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी फरियादी को बिना सुने वापस न भेजा जाए और हर शिकायत का समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाए।
जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना है। सरकार चाहती है कि लोगों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार तहसील और थाने के चक्कर न लगाने पड़ें। इसीलिए महीने में दो बार सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जाता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जो शिकायतें मौके पर निस्तारित हो सकती हैं, उनका तुरंत निस्तारण किया जाए और जो शिकायतें जांच के बाद निस्तारित होंगी, उनके लिए टीम भेजकर मौके की स्थिति देखी जाए।
पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्र ने भी फरियादियों की शिकायतों को सुना। उन्होंने जमीन विवाद, मारपीट और अन्य पुलिस से संबंधित मामलों में संबंधित थाना प्रभारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में सिकड़ीकोल निवासी सुरेश यादव ने गांव के ही एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गांव के एक व्यक्ति ने इंडिया मार्का-2 हैंडपंप में समरसेबल लगाकर उसे अपने व्यक्तिगत उपयोग में ले लिया है। इससे गांव के अन्य लोगों को पीने के पानी के लिए परेशानी हो रही है। इंडिया मार्का हैंडपंप सार्वजनिक उपयोग के लिए लगाया गया था, लेकिन अब एक व्यक्ति ने उस पर कब्जा कर लिया है। सुरेश यादव ने जिलाधिकारी से मांग की कि हैंडपंप से समरसेबल हटवाकर उसे फिर से सार्वजनिक उपयोग के लिए चालू कराया जाए। जिलाधिकारी ने इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी को मौके पर जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
वहीं, जजौली निवासी ममता देवी ने राष्ट्रीय बचत पत्र का भुगतान न करने के संबंध में शिकायत की। उन्होंने बताया कि उन्होंने कई वर्ष पहले राष्ट्रीय बचत पत्र में पैसा जमा किया था। अब उसकी अवधि पूरी हो चुकी है, लेकिन उन्हें अभी तक भुगतान नहीं मिला है। वे कई बार डाकघर के चक्कर लगा चुकी हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है। ममता देवी ने जिलाधिकारी से भुगतान दिलाने की मांग की। जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारी को निर्देश दिया कि ममता देवी के मामले की जांच कर जल्द से जल्द भुगतान कराया जाए।
मर्यादपुर निवासी अवनीश कुमार मिश्र ने जमीनी विवाद की शिकायत की। उन्होंने बताया कि उनकी जमीन पर गांव के ही कुछ लोगों ने कब्जा करने का प्रयास किया है। इसको लेकर कई बार विवाद भी हो चुका है। उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से जमीन की पैमाइश कराकर कब्जा हटवाने की मांग की। इस पर अधिकारियों ने राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर भेजने का निर्देश दिया।
इसके अलावा सम्पूर्ण समाधान दिवस में राशन कार्ड, पेंशन, आवास, बिजली, पानी, सड़क और चकबंदी से संबंधित भी कई शिकायतें आईं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को सौंपते हुए एक सप्ताह के अंदर निस्तारण कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय, एसीएमओ डा.बीके.यादव, उपजिलाधिकारी दीपक सिंह, तहसीलदार अशोक कुमार कुशवाहा , खंड विकास अधिकारी अनिल कुमार, प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार गुप्त सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहें।
Author Profile
- प्रधान सम्पादक
Latest entries
मऊNovember 7, 2026मधुबन नगर पंचायत के सभासद अखिलेश राज भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष और अभिषेक राजभर पिछड़ा वर्ग मोर्चा के महामंत्री बने, समर्थकों में खुशी की लहर
मऊNovember 7, 2026सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सुनी फरियाद, दिये आवश्यक निर्देश
मऊNovember 7, 2026खाद्य सुरक्षा विभाग की मिलीभगत से मधुबन में बिक रही मिलावटी मिठाइयां, मिठाई कम्पनी और खुलती जा रही दुकानें, स्थानीय लोगों में आक्रोश
मऊNovember 6, 2026एसडीएम मधुबन के निर्देश पर अवैध मिट्टी खनन पर बड़ी कार्रवाई: संयुक्त टीम ने 03 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़कर की सीज












