Home मऊ लेखपाल संघ ने आन्दोलन को किया तेज, अतिरिक्त बस्ता किया जमा

लेखपाल संघ ने आन्दोलन को किया तेज, अतिरिक्त बस्ता किया जमा

मऊ। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ उप शाखा मधुबन ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। पूर्व में दिए गए ज्ञापन के क्रम में आज तहसील मधुबन में लेखपाल साथियों द्वारा अपने अतिरिक्त प्रभार (चार्ज) का बस्ता तहसील कार्यालय में जमा कर दिया गया।
लेखपाल संघ मधुबन के अध्यक्ष शरद यादव ने बताया कि लेखपालों पर काम का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। मधुबन तहसील में कई हल्के खाली पड़े हैं। स्टाफ की कमी के कारण एक लेखपाल को दो-दो, तीन-तीन हल्कों का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इससे उनके ऊपर काम का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। फसल सर्वे, फार्मर रजिस्ट्री, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्रों की जांच, बाढ़ राहत, चुनाव ड्यूटी सहित दर्जनों काम एक साथ करने पड़ रहे हैं।
लेखपाल संघ ने कई बार इस संबंध में उपजिलाधिकारी और जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर अतिरिक्त प्रभार से मुक्त करने और खाली पदों पर भर्ती करने की मांग की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर संघ ने अतिरिक्त प्रभार का बस्ता जमा करने का निर्णय लिया था।
इसी क्रम में आज सुबह तहसील मधुबन के सभी लेखपाल एकजुट होकर तहसील कार्यालय पहुंचे और अपने अतिरिक्त हल्कों के बस्ते को जमा कर दिया। लेखपालों का कहना है कि जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक हम अतिरिक्त हल्कों का कार्य नहीं करेंगे। हम केवल अपने मूल हल्के का ही कार्य करेंगे।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार हमसे 24 घंटे काम लेती है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर कुछ नहीं देती। हम पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। अगर हमारी मांगें नहीं मानी गईं तो आगे हम कलम बंद हड़ताल करने को भी मजबूर होंगे। इस अवसर पर लेखपाल आलोक सिंह,  अभिषेक सिंह, मनीष मिश्रा आदि रहें।

Author Profile

पवन कुमार पाण्डेय
पवन कुमार पाण्डेय
प्रधान सम्पादक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here