मऊ। जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र के मुजार बुजुर्ग गांव के पास संचालित देशी शराब की दुकान के विरोध में गुरुवार को महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। अमिला-बोझी मुख्य मार्ग पर महिलाओं ने बांस और लकड़ियां लगाकर सड़क को पूरी तरह से जाम कर दिया। घंटों तक चले इस जाम के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। महिलाओं की मांग थी कि इस शराब की दुकान को यहां से अन्यत्र कहीं हटाया जाए। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि मुजार बुजुर्ग गांव के पास अमिला-बोझी मुख्य मार्ग पर जो देशी शराब की दुकान संचालित हो रही है, उसके कारण गांव का माहौल खराब हो रहा है। शाम होते ही दुकान के आसपास शराबियों का जमावड़ा लग जाता है। शराब पीकर लोग वहीं सड़क पर उत्पात मचाते हैं और आने-जाने वाली महिलाओं और स्कूल-कॉलेज जाने वाली युवतियों के साथ अभद्र टिप्पणी और छींटाकशी करते हैं।
महिलाओं ने बताया कि इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों महिलाएं खेतों में काम करने और बच्चे स्कूल जाते हैं, लेकिन शराबियों के डर से उन्हें रास्ता बदलना पड़ता है। कई बार गांव के युवकों के साथ शराबियों का विवाद भी हो चुका है। कई बार आबकारी विभाग और पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे मजबूर होकर उन्हें आज सड़क पर उतरना पड़ा।
0 पुलिस और प्रशासन में हड़कं…
सड़क जाम की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सबसे पहले बोझी चौकी प्रभारी हरेंद्र कुशवाहा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाएं अपनी मांग पर अड़ी रहीं। महिलाओं का कहना था कि जब तक कोई बड़ा अधिकारी लिखित आश्वासन नहीं देगा, तब तक जाम नहीं खुलेगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम घोसी अशोक सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रही महिलाओं से बातचीत की और उनकी समस्या को ध्यान से सुना। महिलाओं ने उन्हें एक लिखित शिकायत पत्र सौंपा, जिसमें दुकान को हटाने की मांग की गई थी। एसडीएम घोसी अशोक सिंह ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में आबकारी विभाग से रिपोर्ट मांगी जाएगी और नियमानुसार जांच कर दुकान को शिफ्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने महिलाओं से कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। एसडीएम के आश्वासन के बाद महिलाओं ने जाम को समाप्त कर दिया। जाम हटते ही अमिला-बोझी मुख्य मार्ग पर यातायात सामान्य हो गया।










