लखनऊ/गोरखपुर। गोरखपुर की 10 वर्षीय मासूम दीपिका शर्मा के अपहरण, बलात्कार और हत्या का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। घटना को लगभग एक महीना बीत जाने के बाद भी पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल पाया है। इसी को लेकर अब आवाजें तेज होने लगी हैं। पीस पार्टी के नेता एडवोकेट नवल किशोर शर्मा ने इस मामले में न्याय की मांग को लेकर लगातार संघर्ष जारी रखा है। शनिवार को वे लखनऊ के इको गार्डन पहुंचे और धरने पर बैठ गए।एडवोकेट नवल किशोर शर्मा ने सरकार से इस जघन्य हत्याकांड में कठोर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि 10 साल की बच्ची के साथ हुई यह दरिंदगी पूरे मानव समाज को शर्मसार करने वाली है। इतना समय बीत जाने के बाद भी मामले में ठोस कार्रवाई न होना सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है।
0 क्या है पूरा मामला…
जानकारी के अनुसार गोरखपुर की रहने वाली 10 वर्षीय दीपिका शर्मा का करीब एक महीने पहले एक पुलिस कांस्टेबल ने अपहरण कर लिया गया था। बाद में उसके साथ बलात्कार और फिर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में आक्रोश है। पीड़ित परिवार लगातार न्याय की गुहार लगा रहा है। परिवार का आरोप है कि पुलिस इस मामले में ढिलाई बरत रही है।
0 इको गार्डन में दिया धरना, रखी ये मांगें…
घोसी विधानसभा से पीस पार्टी के नेता एडवोकेट नवल किशोर शर्मा ने लखनऊ के इको गार्डन में धरना देते हुए सरकार के समक्ष अपनी प्रमुख मांगें रखीं।
0 आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई:..
उन्होंने मांग की कि इस मामले में जो भी आरोपी हैं, उनके खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर जल्द से जल्द कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की घिनौनी हरकत करने से पहले सौ बार सोचे।
0 निष्पक्ष जांच…
एडवोकेट शर्मा ने मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि स्थानीय स्तर पर जांच में लीपापोती की आशंका है, इसलिए इस मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जानी चाहिए।
0 पीड़ित परिवार को मुआवजा और सुरक्षा…
उन्होंने सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और सुरक्षा प्रदान की जाए। परिवार इस घटना के बाद से सदमे में है और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
धरने के दौरान उन्होंने कहा, “दीपिका शर्मा सिर्फ एक परिवार की बेटी नहीं थी, वह पूरे प्रदेश की बेटी थी। आज अगर उसे न्याय नहीं मिला तो कल किसी और की बेटी के साथ भी ऐसा हो सकता है। सरकार को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा सिर्फ नारा नहीं रहने देना चाहिए, उसे जमीन पर उतारना होगा।”
0 समर्थन में आए कई संगठन…
इको गार्डन में उनके धरने की सूचना पर कई सामाजिक संगठनों और अधिवक्ताओं ने भी उनका समर्थन किया। सभी ने एक स्वर में दीपिका के हत्यारों को फांसी की सजा देने की मांग की। एडवोकेट नवल किशोर शर्मा ने कहा कि जब तक दीपिका के परिवार को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो वे पूरे प्रदेश में आंदोलन छेड़ेंगे।











