आजमगढ़/मऊ। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से गोरखपुर हाईवे को जोड़ने वाली लिंक रोड पर गुरुवार की आधी रात के बाद एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। 191 किलोमीटर प्वाइंट के पास बसखारी के समीप एक अनियंत्रित पिकअप ने बेल्थरा रोड डिपो की रोडवेज बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में मधुबन नगर पंचायत के व्यापार मंडल अध्यक्ष की भतीजी भी शामिल है।मृतक चालक की पहचान रजनीकांत यादव (30) पुत्र सुरेश यादव निवासी समसपुर अहिरौली, थाना मधुबन के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही मधुबन में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि बेल्थरा रोड डिपो की बस कानपुर से बेल्थरा रोड, बलिया के लिए जा रही थी। बस में करीब 34 यात्री सवार थे। जैसे ही बस गुरुवार की आधी रात के बाद लगभग 1 से 2 बजे के बीच पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 191 किमी प्वाइंट से गोरखपुर हाईवे को जोड़ने वाली सड़क पर बसखारी के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप चालक नशे में था या उसे झपकी आ गई थी। टक्कर लगते ही बस का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर में जा घुसी। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस हादसे में बस चालक रजनीकांत यादव को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। रजनीकांत मधुबन थाना क्षेत्र के समसपुर अहिरौली के रहने वाले थे और काफी अनुभवी चालक माने जाते थे। उनके परिवार में कोहराम मच गया है। बताया जा रहा है कि उनकी बहन भी उसी बस में सवार थी जो घायल हो गई है।
हादसे में घायल होने वालों में मधुबन नगर पंचायत के व्यापार मंडल अध्यक्ष बब्लू ठठेरा की भतीजी साक्षी (19) भी गंभीर रूप से घायल हो गई है। इसके अलावा मधुबन के नत्थूपुर गांव के तीन लोग भी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को पहले नजदीकी सीएचसी ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
बस में 34 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि बस डिवाइडर से टकराकर पलटी नहीं, नहीं तो जान-माल का और बड़ा नुकसान हो सकता था। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण और एक्सप्रेसवे पर तैनात टीम मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बस से बाहर निकाला गया और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पिकअप को कब्जे में ले लिया है। पिकअप चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
0 परिवार में मातम, क्षेत्र में शोक की लहर…
रजनीकांत यादव की मौत की खबर जैसे ही उनके गांव समसपुर अहिरौली पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया। वे परिवार के इकलौते कमाने वाले थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मधुबन नगर पंचायत में भी इस हादसे को लेकर शोक है, क्योंकि घायलों में स्थानीय लोग शामिल हैं। व्यापार मंडल अध्यक्ष बब्लू ठठेरा ने बताया कि उनकी भतीजी साक्षी कानपुर से वापस आ रही थी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई है। उन्होंने प्रशासन से घायलों के बेहतर इलाज और मृतक चालक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।










