Home आजमगढ़ ब्लड बैंक में रक्त के बदले रुपये मांगने और मारपीट का आरोप,...

ब्लड बैंक में रक्त के बदले रुपये मांगने और मारपीट का आरोप, पुलिस से कार्रवाई की मांग

आजमगढ़। जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में एक यूनिट रक्त उपलब्ध कराने के बदले रुपये मांगने और विरोध करने पर मारपीट व गाली-गलौज करने का आरोप लगाते हुए एक व्यक्ति ने कोतवाली थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
महाराजगंज थाना क्षेत्र के बुढ़ावे हिसामुद्दीनपुर निवासी हरिबंश कन्नौजिया ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि उनके वृद्ध पिता निरहू कन्नौजिया की तबीयत खराब होने पर उन्हें 23 अगस्त को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने एक यूनिट रक्त की व्यवस्था करने के लिए कहा।
हरिबंश के अनुसार, वह रक्त की व्यवस्था के लिए जिला अस्पताल परिसर स्थित ब्लड बैंक पहुंचे। आरोप है कि वहां ब्लड बैंक के इंचार्ज अनिल मौर्य ने एक यूनिट रक्त उपलब्ध कराने के लिए उनसे पांच हजार रुपये की मांग की। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने किसी तरह तीन हजार रुपये की व्यवस्था कर अनिल मौर्य को दे दिए, जबकि शेष दो हजार रुपये देने में असमर्थता जताई। आरोप है कि इसके बावजूद उनसे लगातार बाकी रकम देने का दबाव बनाया जाता रहा।
प्रार्थना पत्र के मुताबिक, 23 अगस्त की सुबह करीब 10:30 बजे हरिबंश ने सहायता के लिए अपने परिचित को फोन किया। परिचित ने अनिल मौर्य से बात कराने के लिए फोन उन्हें देने को कहा। आरोप है कि फोन देने की कोशिश करने पर अनिल मौर्य नाराज हो गए और गाली-गलौज करते हुए उन्हें ब्लड बैंक से बाहर निकाल दिया। हरिबंश ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके साथ थप्पड़ों से मारपीट भी की गई।
पीड़ित ने थाना कोतवाली पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस की ओर से मामले में कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।

(रिपोर्ट: सत्यम् विश्वकर्मा आजमगढ़)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here