मऊ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने आज सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर अमिला मोड़ पर आयोजित कार्यक्रम में सरदार पटेल के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने नगर पंचायत अमिला, नगर पंचायत दोहरीघाट तथा जिला नगरीय विकास अभिकरण की लगभग 48 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 10 लाभार्थियों को आवास निर्माण की द्वितीय किस्त वितरित की गई। इसके साथ ही भूतपूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर मंत्री श्री शर्मा ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
अपने संबोधन में मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में जो विकास कार्य पूरे हो चुके हैं, वे भले ही उन्हें याद न हों, लेकिन जो समस्याएं और मांगें अभी अधूरी हैं, वे उन्हें एक-एक करके याद हैं। उनके समाधान के लिए वे लगातार प्रयास करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि थानीदास में रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास की मांग लंबे समय से की जा रही है। रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय बच्चों और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इस समस्या के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में संबंधित मंत्री के कार्यालय से पत्र भी प्राप्त हुआ है, जिसे आगे की कार्रवाई के लिए भेजा गया है।
मंत्री श्री शर्मा ने बहादुरपुर सहित क्षेत्र के कई गांवों में सड़क और रेलवे की जमीन से जुड़ी लंबे समय से लंबित समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। कई वर्षों से लंबित मामलों का भी निस्तारण हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में इतने व्यापक स्तर पर विकास कार्य हो रहे हैं कि उन्हें गिनाने बैठें तो महीनों लग जाएंगे। क्षेत्र में सड़क, रेल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार इसी विकास यात्रा का हिस्सा है।
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि सरदार पटेल देश की एकता और अखंडता के महान शिल्पकार थे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने गुजरात में विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का निर्माण कराकर सरदार पटेल को वैश्विक सम्मान और पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक परियोजना की परिकल्पना से लेकर उसके निर्माण तक प्रधानमंत्री जी के सहयोगी के रूप में उन्हें भी योगदान करने का अवसर मिला। यह उनके लिए अत्यंत गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के विराट व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान के प्रति पूरा देश सदैव कृतज्ञ रहेगा। सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण में भी सरदार पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने भारतीय संस्कृति, आस्था और राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रतीक इस मंदिर को उसका गौरवशाली स्वरूप दिलाने का संकल्प लिया था। सरदार पटेल का जीवन हमें राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक गौरव के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।
मंत्री श्री शर्मा ने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1975 में आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक संस्थाओं, न्यायपालिका और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर गंभीर प्रभाव पड़ा था। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र के महत्व को समझने के लिए देश के इतिहास की इन घटनाओं को भी याद रखना आवश्यक है। सरदार पटेल जैसे महान राष्ट्रनायकों के विचारों और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और क्षेत्र की प्रत्येक लंबित समस्या का समाधान हो। उन्होंने कहा कि मऊ के विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे और मऊ को विकास का मॉडल बनाने के संकल्प के साथ कार्य करेंगे।
Author Profile
- प्रधान सम्पादक
Latest entries
मऊNovember 6, 2026एसडीएम मधुबन के निर्देश पर अवैध मिट्टी खनन पर बड़ी कार्रवाई: संयुक्त टीम ने 03 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़कर की सीज
मऊNovember 6, 2026धनतेरस पर झुमकर लोगों ने किया खरीददारी
मऊNovember 6, 2026जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किसान सहकारी चीनी मिल्स लिमिटेड घोसी के प्रबंध समिति की बैठक संपन्न
मऊNovember 6, 2026फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति किसानों को जागरूक करने हेतु प्रचार वाहन रवाना












