Home Uncategorized यूथ फेस्ट के अंतर्गत रेड रन मैराथन प्रतियोगिता का आयोजन, युवाओं को...

यूथ फेस्ट के अंतर्गत रेड रन मैराथन प्रतियोगिता का आयोजन, युवाओं को एचआईवी-एड्स एवं टीबी के प्रति किया जागरूक

मऊ। उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी एवं जिला एड्स समन्वय समिति के संयुक्त तत्वावधान में एचआईवी-एड्स एवं टीबी के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यूथ फेस्ट कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद स्तरीय रेड रन मैराथन दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता मिर्जाहादीपुर चौक से सोनी धापा खेल मैदान तक आयोजित हुई।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एच.आर. सोनी ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। प्रतियोगिता में 10 महाविद्यालयों के लगभग 50 से 70 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। स्टेडियम के कोच मनोज द्वारा सिटी बजाकर प्रतिभागियों को दौड़ के लिए रवाना किया गया।
प्रतियोगिता के छात्र वर्ग में प्रथम स्थान विद्या सागर, द्वितीय धीरज कन्नौजिया एवं तृतीय सत्यम निषाद ने प्राप्त किया, जबकि राहुल को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। छात्रा वर्ग में प्रथम स्नेहा, द्वितीय अर्चना यादव एवं तृतीय मनीषा यादव रहीं तथा शिवांगी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को क्रमशः ₹2,500, ₹2,000 एवं ₹1,500 तथा सांत्वना पुरस्कार के रूप में ₹500 की धनराशि एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एच.आर. सोनी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय-समय पर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे युवा वर्ग को एचआईवी-एड्स एवं टीबी के संबंध में सही जानकारी मिल सके तथा इनसे जुड़ी भ्रांतियों को दूर किया जा सके।
दिशा के सीपीएम नागेंद्र पाण्डेय ने प्रतिभागियों को बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में जयंती प्रसाद, वरिष्ठ काउंसलर वंदना श्रीवास्तव, शालिनी, मनोज, विद्वत्, प्रवीण, ममता यादव एवं नैंसी यादव ने सहयोग किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में देव भूषण, डीआरपी लिंक वर्कर स्कीम ने विगत एक सप्ताह से विशेष सहयोग प्रदान किया। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ लैब टेक्नीशियन अविनाश सिसोदिया, बीरेन्द्र वर्मा, उदय भान सिंह, परामर्शदाता एवं लैब टेक्नीशियन बिपिन सिंह, आनंद राय, दीपक मौर्य, अजीत सिंह एवं शिवेंद्र, मनीष और नदीम ने प्रतिभागियों का मार्गभर उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता की समस्त व्यवस्थाओं में दिशा टीम के जयंती, मनीष एवं बृजेन्द्र का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एच.आर. सोनी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग के लिए पुलिस विभाग एवं नगर पालिका का विशेष आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here