0 जनपद में संचालित सहकारी समितियों की प्रगति एवं योजनाओं की जिलाधिकारी ने की समीक्षा, सदस्य सत्यापन के दिए निर्देश
मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव डेवलपमेंट कमेटी (डीसीडीसी) की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव अधिकारी ने बताया कि मत्स्य विभाग में कुल 11 समितियां गठित हैं वर्ष 2026 में एक समिति गठित की गई है तथा 10 समितियां एनसीडी पोर्टल पर फीड है। इसी प्रकार दुग्ध विभाग में 129 समितियां गठित हैं तथा वर्ष 2025 26 में नंद बाबा योजना अंतर्गत 10 समितियों का गठन किया जा चुका है। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा जनपद में संचालित विभिन्न सहकारी समितियों की प्रगति, उनके माध्यम से संचालित योजनाओं तथा सहकारिता क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण हेतु किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को उपलब्ध कराए जा रहे उर्वरक, बीज एवं अन्य कृषि आदानों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को समय से गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने सहकारी समितियों के व्यवसाय विस्तार, सदस्यता वृद्धि, ऋण वितरण एवं वसूली की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने समितियों को अधिक सक्रिय एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए नवाचारों को अपनाने तथा जनपद के अधिकाधिक किसानों को सहकारिता से जोड़ने पर बल दिया। बैठक में सहकारिता विभाग के अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की गई।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सहकारिता को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित कुल कितनी समितियां हैं के बारे में जानकारी ली एवं समितियां के मेंबर को निर्धारित मानक के अनुसार उनका सत्यापन करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।












