मऊ। महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित मिशन शक्ति कार्यक्रम की उपयोजना “सामर्थ्य” के अंतर्गत सखी निवास योजना का संचालन किया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य कामकाजी महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित, सुविधायुक्त तथा किफायती आवास उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपने रोजगार एवं शिक्षा संबंधी गतिविधियों को सुगमता से संचालित कर सकें।
जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. श्वेता त्रिपाठी ने बताया कि सखी निवास योजना के अंतर्गत महानगरों एवं शहरी क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं को सस्ती दरों पर सुरक्षित एवं बुनियादी सुविधाओं से युक्त आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अतिरिक्त कामकाजी महिलाओं के बच्चों की देखभाल के लिए छात्रावास परिसर में ही शिशु सदन (क्रेच) की व्यवस्था भी की गई है, जिससे महिलाएं अपने कार्यस्थल पर निश्चिंत होकर कार्य कर सकें।
उन्होंने बताया कि जनपद मऊ में संचालित सखी निवास योजना के अंतर्गत महिलाओं को निम्न दरों पर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं—
बेड कॉमन रूम सहित प्रति माह आवास सुविधा – ₹1500
बेड सिंगल रूम सहित प्रति माह आवास सुविधा – ₹2000
प्रातः एवं रात्रि भोजन सहित प्रति माह सुविधा शुल्क – ₹3500
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने जनपद की इच्छुक कामकाजी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय जिला प्रोबेशन अधिकारी, कक्ष संख्या-45, कलेक्ट्रेट परिसर, मऊ में संपर्क करें।
योजना से संबंधित अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए मोबाइल नंबर 6386471669 एवं 8299230932 पर संपर्क किया जा सकता है।
महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित यह योजना महिलाओं को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। जनपद की अधिक से अधिक पात्र महिलाएं इस योजना का लाभ उठाकर आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हो सकती हैं।












