0 समस्त अधिकारी फरियादियों की शिकायतों को प्राथमिकता पर रखते हुए जल्द से जल्द कराए शिकायतों का निस्तारण : जिलाधिकारी
मऊ। जन समस्याओ के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण के उद्देश्य से तहसील घोसी सभागार में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को एक-एक कर गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का समाधान संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने पाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन शिकायतों का निस्तारण मौके पर संभव है, उनका तत्काल समाधान किया जाए तथा शेष प्रकरणों में निर्धारित समय सीमा के भीतर स्थलीय जांच कर गुणवत्तापूर्ण आख्या प्रस्तुत करते हुए शिकायतकर्ता को संतुष्ट किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व एवं भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील व्यवहार करें तथा शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करें। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 149 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 70, पुलिस विभाग की 48 तथा शेष अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें शामिल रहीं। इनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु सौंपा गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने भी शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।
संपूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश बहादुर सहित जनपद एवं तहसील स्तरीय अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।












