मऊ। जनपद के थाना मधुबन की साइबर टीम ने तत्परता दिखाते हुए साइबर ठगी के एक शिकार व्यक्ति के खाते में गुरुवार को ₹66,992.16 वापस कराने में सफलता हासिल की है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित के चेहरे पर मुस्कान लौट आई है।पुलिस के अनुसार कुण्डा शरीफपुर के रहने वाले राम नवल कुमार को अज्ञात जालसाजों ने फर्जी कॉल किया था। ठगों ने झांसा देकर पीड़ित के गूगल पे के माध्यम से कुल ₹78,700 की धोखाधड़ी कर ली थी। ठगी का अहसास होते ही पीड़ित राम नवल ने बिना समय गंवाए तत्काल थाना मधुबन में साइबर पोर्टल संख्या 33109250120317 के तहत अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर फ्रॉड रोकथाम अभियान के तहत, क्षेत्राधिकारी मधुबन व प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में साइबर टीम ने तुरंत एक्शन लिया। टीम ने ठगों के संदिग्ध खाते में मौजूद धनराशि को तत्काल होल्ड (फ्रीज) करवा दिया। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए ₹66,992.16 पीड़ित राम नवल कुमार के बैंक खाते में सुरक्षित वापस करा दिए गए।












