Home मऊ कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी पद पर 33 चयनित अभ्यर्थियों को...

कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी पद पर 33 चयनित अभ्यर्थियों को वितरित किए गए नियुक्ति पत्र,मधुबन विधायक राम विलास चौहान ने चयनित अभ्यर्थियों को प्रदान किए नियुक्ति पत्र

0 लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का किया गया सजीव प्रसारण

मऊ। कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी पद पर चयनित जनपद के 33 अभ्यर्थियों को विकास भवन सभागार में नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। मधुबन विधायक राम विलास चौहान ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर लखनऊ में मा. मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का विकास भवन सभागार में सीधा प्रसारण भी किया गया।
नियुक्ति पत्र वितरण के उपरांत मधुबन विधायक श्री राम विलास चौहान ने सभी नव चयनित प्राविधिक सहायकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चयनित अभ्यर्थियों को जनपद के विभिन्न विकासखंडों में तैनात किया जाएगा। वे कृषि विभाग से संबंधित तकनीकी कार्यों में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान करेंगे तथा किसानों तक कृषि संबंधी योजनाओं एवं तकनीकी जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
विधायक राम विलास चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न आयोगों एवं बोर्डों के माध्यम से पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से चयन प्रक्रिया संपन्न कराते हुए योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्तियां प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विपक्ष द्वारा रोजगार के संबंध में लगाए जा रहे आरोपों पर उन्होंने कहा कि विपक्ष का कार्य आलोचना करना है, जबकि प्रदेश सरकार पारदर्शी एवं निष्पक्ष नियुक्तियों के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर प्रदान कर रही है।
उन्होंने कहा कि आज नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सभी अभ्यर्थियों के लिए यह उनके परिश्रम एवं योग्यता का परिणाम है। उन्होंने सभी नव नियुक्त प्राविधिक सहायकों को पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा किसानों के हित में कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उप कृषि निदेशक प्रेम कुमार ठाकुर सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी तथा नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले चयनित अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here