Home मऊ राज्य महिला आयोग की सदस्या ने जनसुनवाई, कन्या जन्मोत्सव, जन चौपाल एवं...

राज्य महिला आयोग की सदस्या ने जनसुनवाई, कन्या जन्मोत्सव, जन चौपाल एवं वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण

मऊ। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या श्रीमती गीता बिंद द्वारा जनपद मऊ में विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित समस्याओं की सुनवाई की गई तथा शासन की कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया गया।
पीडब्ल्यूडी डाक बंगला, मऊ में आयोजित महिला जनसुनवाई कार्यक्रम में सदस्या द्वारा विभिन्न मामलों की सुनवाई की गई। कुल 10 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित थानाध्यक्षों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके पश्चात जिला महिला चिकित्सालय, मऊ में महिला कल्याण विभाग द्वारा आयोजित कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में सदस्या ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 24 नवजात बालिकाओं को वस्त्र वितरित करते हुए उनके परिवारों को शुभकामनाएं दी गईं। उन्होंने कहा कि बेटियां समाज की अमूल्य धरोहर हैं तथा उनके जन्म, शिक्षा एवं सुरक्षित भविष्य को प्रोत्साहित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को लैपटॉप वितरित किए गए। सदस्या ने लाभार्थियों को आधुनिक शिक्षा एवं तकनीकी ज्ञान का सदुपयोग कर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विकास खंड परदहा सभागार में आयोजित जन चौपाल में भी सदस्या ने आमजन की समस्याओं को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के क्रम में श्रीमती गीता बिंद द्वारा वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध व्यवस्थाओं, महिलाओं एवं बालिकाओं को प्रदान की जा रही सहायता, काउंसलिंग, सुरक्षा एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन की मंशा के अनुरूप त्वरित सहायता, संरक्षण एवं आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
राज्य महिला आयोग की सदस्या ने कहा कि महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा पात्र लाभार्थियों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग की समस्त टीम एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here