मऊ। जनपद में भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक राजस्व लेखपाल को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। जमीन की पैमाइश के नाम पर पांच हजार रुपये की घूस लेते समय आरोपी को आजमगढ़ इकाई की टीम ने दबोच लिया। कार्रवाई के बाद तहसील प्रशासन में हड़कंप मच गया। क्षेत्र के धर्मपुर कसायर (कैथवली) गांव निवासी महेंद्र कुमार ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि क्षेत्रीय राजस्व लेखपाल अनिल कुमार जमीन की पैमाइश कराने के बदले पांच हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत की जांच और पुष्टि के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।मंगलवार दोपहर करीब 1:35 बजे एंटी करप्शन टीम ने आरोपी लेखपाल अनिल कुमार को दोहरीघाट-मधुबन रोड स्थित ग्राम सभा कटघरा महलू गेट के सामने रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नसीरपुर थाना मधुबन का निवासी बताया गया है तथा वर्तमान में हल्का धरमपुर कसायर (कैथवली) में राजस्व लेखपाल के पद पर तैनात था। टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।गिरफ्तारी की कार्रवाई दो लोक सेवक साक्षियों की मौजूदगी में पूरी की गई। मामले में एक अन्य राजस्व लेखपाल नीरज कुमार चौधरी, जो हल्का मखमेलपुर तहसील मधुबन में तैनात है, के खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की जा रही है।सीओ घोसी जितेंद्र सिंह ने बताया कि एंटी करप्शन टीम द्वारा एक लेखपाल को गिरफ्तार किया गया है तथा दोहरीघाट थाने में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद आम लोगों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ हुई कार्रवाई का स्वागत किया है।









