Home मऊ मिलावटी मिठाइयों की रोकथाम को लेकर खाद्य सुरक्षा अधिकारी से बातचीत में...

मिलावटी मिठाइयों की रोकथाम को लेकर खाद्य सुरक्षा अधिकारी से बातचीत में चौंकाने वाला खुलासा, ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल, कहा मैडम जहां जाती हैं वहीं होती है छापेमारी

मधुबन, मऊ। मधुबन में मिलावटी मिठाइयों की रोकथाम को लेकर एक चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया है। पीपी खोजी खबर न्यूज पोर्टल के प्रधान संपादक पवन कुमार पाण्डेय ने जब मधुबन के खाद्य सुरक्षा अधिकारी स्वामीनाथ से इस संबंध में बात की तो अधिकारी की बात सुनकर हर कोई हैरान रह गया। अधिकारी ने कहा कि मैडम जहां जाती हैं, वहीं छापेमारी होती है। इस बातचीत का ऑडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ऑडियो वायरल होने के बाद से खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब अधिकारी खुद ही यह कह रहे हैं कि छापेमारी सिर्फ मैडम के जाने पर होती है, तो फिर आम दिनों में मिलावटखोरों पर कार्रवाई कौन करेगा। इससे साफ जाहिर होता है कि विभाग की कार्रवाई सिर्फ दिखावे के लिए होती है।
बता दें कि मधुबन का पूरा बाजार इस समय मिलावटी मिठाइयों से पटा पड़ा है। त्योहारों के सीजन में नकली मावा, सिंथेटिक दूध और मिलावटी खोये से बनी मिठाइयां खुलेआम बेची जा रही हैं। इसके बावजूद मधुबन में छापेमारी सिर्फ फाइलों तक सिमटी हुई है। मौके पर न तो कोई टीम पहुंच रही है और न ही किसी दुकान से सैंपल लिया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभाग के अधिकारी दुकानों पर जाने के बजाय कार्यालय में बैठकर ही कार्रवाई का कागज तैयार कर लेते हैं। इसीलिए मिलावटखोरों के हौसले बुलंद हैं और वे बिना डर के मिलावटी मिठाई बेच रहे हैं। लोगों को डर है कि ऐसी मिठाई खाने से बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ सकते हैं।
ऑडियो वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश बढ़ गया है। लोगों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि इस मामले की जांच कराकर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए और मधुबन की सभी मिठाई की दुकानों पर तत्काल छापेमारी कराई जाए। लोगों का कहना है कि सिर्फ फाइलों में कार्रवाई दिखाने से काम नहीं चलेगा, जमीन पर उतरकर मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कदम उठाने होंगे।
फिलहाल यह ऑडियो पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।

Author Profile

पवन कुमार पाण्डेय
पवन कुमार पाण्डेय
प्रधान सम्पादक
Latest entries

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here