मऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री ने आज मधुबन विधानसभा के कुंवरपुरवा गांव में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान ग्रामीणों और किसानों ने अपनी समस्याओं को बेबाकी से मंत्री के सामने रखा। कार्यक्रम में सबसे प्रमुख मुद्दा बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई किसानों की फसलों का रहा, जिसे किसानों ने जोर-शोर से उठाया।
जन संवाद के दौरान कुंवरपुरवा और आसपास के गांवों के किसानों ने मंत्री को बताया कि इस बार आई बाढ़ और लगातार बारिश के कारण उनकी धान, मक्का और सब्जी की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। कई किसानों के खेतों में अभी भी पानी लगा हुआ है, जिससे फसलें सड़ गई हैं। किसानों ने कहा कि उन्होंने कर्ज लेकर खेती की थी, लेकिन बाढ़ ने सब कुछ तबाह कर दिया। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द फसल क्षति का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की।
किसानों की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए कारागार मंत्री ने मौके से ही एसडीएम मधुबन दीपक सिंह को फोन लगाया और निर्देश दिया कि कुंवरपुरवा सहित बाढ़ प्रभावित सभी गांवों का तत्काल सर्वे कराया जाए और जिन किसानों की फसलें क्षतिग्रस्त हुई हैं, उन्हें शीघ्र अति शीघ्र क्षतिपूर्ति राशि उपलब्ध कराई जाए। मंत्री ने कहा कि सरकार किसान हितैषी है और किसी भी किसान को संकट में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
इसके साथ ही ग्रामीणों ने घाघरा नदी के कटान का मुद्दा भी उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि हर साल नदी के कटान से सैकड़ों बीघा जमीन नदी में समा जाती है। इस पर मंत्री ने कहा कि कटान रोकथाम के लिए सरकार पूरी तरह कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बाढ़ खंड के अधिकारियों को पहले ही निर्देशित किया गया है कि जहां-जहां कटान की समस्या है, वहां बोल्डर और बांस बल्ली से रोकथाम कार्य तेजी से कराए जाएं। सरकार इसके लिए धन की कमी नहीं होने देगी।
जन संवाद के दौरान मंत्री ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जो विकास कार्य हुए हैं, उसे जनता देख रही है। कानून व्यवस्था, सड़क, बिजली, किसान सम्मान निधि और गरीब कल्याण योजनाओं से हर वर्ग खुश है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा फिर से पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और मधुबन सहित पूरे पूर्वांचल में कमल खिलेगा।
जन संवाद कार्यक्रम के बाद मंत्री ने गांव के ही एक व्यक्ति के घर हुई मौत की सूचना पर उनके घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर मंत्री प्रतिनिधि शिवप्रकाश उपाध्याय सुब्बी, देवेंद्र चौहान, अतुल कुमार पांडेय, देवेंद्र सिंह, चंद्रभूषण सिंह, गुलाब कुशवाहा सहित तमाम भाजपा कार्यकर्ता रहें।
Author Profile
- प्रधान सम्पादक
Latest entries
मऊNovember 6, 2026एसडीएम मधुबन के निर्देश पर अवैध मिट्टी खनन पर बड़ी कार्रवाई: संयुक्त टीम ने 03 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़कर की सीज
मऊNovember 6, 2026धनतेरस पर झुमकर लोगों ने किया खरीददारी
मऊNovember 6, 2026जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किसान सहकारी चीनी मिल्स लिमिटेड घोसी के प्रबंध समिति की बैठक संपन्न
मऊNovember 6, 2026फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति किसानों को जागरूक करने हेतु प्रचार वाहन रवाना












