मऊ। प्रधानाचार्य आईटीआई अरुण यादव ने बताया कि राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सहादतपुरा एवं जिला सेवायोजन कार्यालय, मऊ के संयुक्त तत्वावधान में 14 सितंबर 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेला (कैम्पस प्लेसमेंट) आयोजित किया जाएगा। रोजगार मेले का आयोजन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सहादतपुरा, मऊ के परिसर में प्रातः 10 बजे से किया जाएगा। रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी अडानी सोलर कंपनी, गुजरात द्वारा असेंबली ट्रेनी पद के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। उक्त पद के लिए हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, बीएससी, बीटेक, बीकॉम आदि शैक्षिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को शैक्षिक योग्यता के अनुसार ₹16,645 से ₹18,640 तक वेतन देय होगा। रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के इच्छुक समस्त अभ्यर्थियों के लिए रोजगार संगम पोर्टल (rojgaarsangam.up.gov.in) पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थी पोर्टल पर पंजीकरण कर निर्धारित तिथि को आवश्यक शैक्षिक प्रमाण-पत्रों एवं अन्य अभिलेखों के साथ रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं।जिला सेवायोजन कार्यालय एवं राजकीय आईटीआई प्रशासन ने अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं से इस रोजगार मेले का लाभ उठाने की अपील की है।












