Home मऊ 2 अक्टूबर के उपलक्ष्य में मधुबन थाने में पुलिसकर्मियों का हुआ स्वास्थ्य...

2 अक्टूबर के उपलक्ष्य में मधुबन थाने में पुलिसकर्मियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, राजी लाइफ मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल ने लगाया शिविर

मऊ। 2 अक्टूबर गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के उपलक्ष्य में मधुबन थाने में पुलिसकर्मियों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर राजी लाइफ मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल मधुबन के तत्वाधान में लगाया गया। शिविर में थाने के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

शिविर का शुभारंभ थानाध्यक्ष मधुबन कृष्ण कुमार गुप्त और राजी लाइफ हॉस्पिटल के डॉक्टरों की टीम ने संयुक्त रूप से किया। हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात अपनी ड्यूटी में लगे रहते हैं, तनाव और अनियमित दिनचर्या के कारण उनके स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है। इसलिए पुलिसकर्मियों का समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण बेहद जरूरी है। स्वस्थ पुलिसकर्मी ही समाज की बेहतर सुरक्षा कर सकता है। गांधी जयंती के अवसर पर यह सेवा का एक छोटा सा प्रयास है।

स्वास्थ्य शिविर में पुलिसकर्मियों के ब्लड प्रेशर, शुगर, हृदय रोग, आंख, वजन, बुखार सहित सामान्य स्वास्थ्य की जांच की गई। डॉक्टरों की टीम ने सभी जवानों का बारी-बारी से चेकअप किया और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया। कई पुलिसकर्मियों में ब्लड प्रेशर और शुगर की समस्या पाई गई, जिन्हें उचित परामर्श और दवाएं दी गईं।

डॉक्टरों ने पुलिसकर्मियों को नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और तनाव मुक्त रहने के टिप्स भी दिए।

इस अवसर पर थानाध्यक्ष मधुबन ने राजी लाइफ मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के डायरेक्टर अनिल कुमार विश्वकर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर से जवानों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने का मौका मिलता है। व्यस्त ड्यूटी के कारण पुलिसकर्मी अपने स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं दे पाते हैं। यह शिविर हमारे लिए बहुत उपयोगी रहा।

उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर का दिन हमें सत्य, अहिंसा और सादगी का संदेश देता है। महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी के आदर्शों पर चलते हुए हमें समाज सेवा के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना चाहिए।

 

Author Profile

पवन कुमार पाण्डेय
पवन कुमार पाण्डेय
प्रधान सम्पादक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here