Home मऊ ससुराल आए दामाद का शव पेड़ से लटकता मिला, फैली सनसनी

ससुराल आए दामाद का शव पेड़ से लटकता मिला, फैली सनसनी

0 सुबह बड़हल के पेड़ से साड़ी के फंदे पर लटका मिला 45 वर्षीय वीरन राजभर का शव

मऊ। जनपद के रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अजोरपुर मर्यादपुर गांव में मंगलवार की सुबह एक व्यक्ति का पेड़ से लटकता शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के हरदिया जमीन निवासी वीरन राजभर (45) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार अजोरपुर मर्यादपुर निवासी धारी राजभर पुत्र स्व.द्वारिका राजभर ने पुलिस को लिखित सूचना दी कि उनके दामाद वीरन राजभर की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं चल रही थी। सोमवार की रात करीब 11 बजे वीरन अत्यधिक शराब के नशे में अपनी ससुराल आया था। नशा ज्यादा होने के कारण परिजनों ने उसे घर के बाहर ही लिटा दिया था। मंगलवार की सुबह जब गांव की महिलाएं शौच के लिए बाहर निकलीं, तो उन्होंने अली उल्लाह के ट्यूबवेल के पास एक बड़हल के पेड़ की डाल से साड़ी के फंदे पर वीरन का शव लटकते हुए देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों और स्थानीय पुलिस को दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए रामपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार सरोज मय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए तत्काल फील्ड यूनिट टीम को भी मौके पर बुलाया गया। इस बीच मृतक के सगे परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतक वीरन ने 3-4 दिन पहले अपने खुद के गांव में भी शराब के नशे में तालाब में कूदकर जान देने की कोशिश की थी, लेकिन तब ग्रामीणों ने उसे बचा लिया था। रामपुर पुलिस द्वारा फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here