मऊ। जनपद के घोसी-मधुबन मार्ग स्थित रेलवे फाटक के समीप सोमवार की सुबह रेलवे लाइन किनारे एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। बाद में शव की पहचान ताजपुर नदवासराय थाना घोसी निवासी राजेश गोंड (35) पुत्र सोमनाथ गोंड के रूप में हुई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।बताया जा रहा है कि मृतक राजेश गोंड पेशे से राजमिस्त्री थे और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी समेत चार बच्चे हैं, जिनमें दो पुत्र और दो पुत्रियां शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के भाई सोनू गोंड सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना रहा।सुबह राहगीरों ने रेलवे ट्रैक के किनारे शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।घटनास्थल पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।












