मधुबन, मऊ। तहसील के देवरांचल क्षेत्र में लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ हो रहा है। भैरोपुर से देवरांचल के राजू चौक मार्ग पर बने पुल की रेलिंग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। पुल के दोनों तरफ गहरी खाई है और रोड भी सकरा है। बावजूद क्षेत्र के हजारों लोगों को इसी जानलेवा पुल से होकर रोज आवागमन करना पड़ रहा है। जरा सी चूक हुई तो बड़ा हादसा तय है।
इस पुल का निर्माण लगभग 3 दशक पहले हुआ था। समय के साथ पुल की दोनों तरफ की रेलिंग टूटकर गिर गई है। अब पुल के किनारे कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं बची है। रात के अंधेरे में या बारिश के समय में इस पुल से गुजरना सबसे खतरनाक हो जाता है। बाइक, साइकिल और पैदल चलने वाले लोग हर समय हादसे के डर में रहते हैं। उधर पुल की उंचाई और सड़क का सकरी होने के कारण वाहन तो इस पुल से गुजरने से ही कतराते हैं। स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं इस पुल को पार करते समय भगवान का नाम लेकर पार करते हैं।
देवरांचल घाघरा नदी से प्रभावित क्षेत्र है। बरसात के मौसम में यहां पानी भर जाता है और पुल के आसपास की मिट्टी कट जाती है। इससे खाई और गहरी हो जाती है। पिछले दिनों कई बाइक सवार इस पुल से फिसलकर खाई में गिरते-गिरते बचे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द रेलिंग नहीं बनी तो किसी दिन कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
यह मार्ग देवरांचल के दर्जनों गांवों को मधुबन तहसील और बाजार से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। किसान अपनी फसल, सब्जी और दूध लेकर इसी पुल से आवागमन करते हैं।
इस गंभीर समस्या को लेकर देवरांचल के संतोष तिवारी, भोला साहनी, अष्टभुजा साही, चन्द्रदेव यादव, मनोहर यादव सहित तमाम लोगों ने प्रशासन से पुल की रेलिंग बनवाने की मांग की है। लोगों ने कहा है कि पुल के दोनों तरफ मजबूत रेलिंग लगाई जाए और पुल के पास सड़क का चौड़ीकरण किया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द इस पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने जिलाधिकारी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है।
Author Profile
- प्रधान सम्पादक
Latest entries
मऊNovember 6, 2026एसडीएम मधुबन के निर्देश पर अवैध मिट्टी खनन पर बड़ी कार्रवाई: संयुक्त टीम ने 03 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़कर की सीज
मऊNovember 6, 2026धनतेरस पर झुमकर लोगों ने किया खरीददारी
मऊNovember 6, 2026जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किसान सहकारी चीनी मिल्स लिमिटेड घोसी के प्रबंध समिति की बैठक संपन्न
मऊNovember 6, 2026फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति किसानों को जागरूक करने हेतु प्रचार वाहन रवाना












