Home मऊ सेवा संकल्प अभियान का समापन, गर्भवती महिलाओं की गोदभराई

सेवा संकल्प अभियान का समापन, गर्भवती महिलाओं की गोदभराई

मधुबन, मऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से चल रहे सेवा संकल्प अभियान का समापन 17 अक्टूबर को फतहपुर मंडाव ब्लॉक सभागार में विधिवत संपन्न हो गया। एक महीने तक चले इस अभियान में सेवा, स्वच्छता और जनकल्याण के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। समापन समारोह में सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई और गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कर उन्हें पोषण किट वितरित की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व क्षेत्रीय महामंत्री, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता रहे। वहीं पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि शंकर मद्धेशिया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सूर्यभान राजभर ने की और उन्होंने ही समापन की औपचारिक घोषणा की।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को भाजपा ने सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाने का निर्णय लिया था, जिसे बाद में सेवा संकल्प अभियान के रूप में एक महीने तक बढ़ा दिया गया था। इसी क्रम में फतहपुर मंडाव ब्लॉक में भी विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे थे।
जिसमें स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, दिव्यांगजनों को उपकरण वितरण और गरीबों में राशन वितरण जैसे कार्यक्रम शामिल थे। 17 अक्टूबर को इस अभियान का समापन समारोह ब्लॉक सभागार में आयोजित किया गया।
समापन समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया जब मंच पर मौजूद अतिथियों द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की गई। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और आंगनबाड़ी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम किया गया। अतिथियों ने महिलाओं की गोद में फल, पोषण पोटली और साड़ी देकर उनके स्वस्थ मातृत्व की कामना की। इस दौरान महिलाओं को जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव और सरकार द्वारा दी जा रही आर्थिक सहायता के बारे में भी बताया गया।
मुख्य अतिथि सुनील गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन ही सेवा को समर्पित है। उनके जन्मदिन को सेवा संकल्प के रूप में मनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की प्रमुख योजनाओं – आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, लखपति दीदी योजना आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी और लोगों से इन योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि शंकर मद्धेशिया ने कहा कि भाजपा सरकार गांव, गरीब और महिला कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। गोदभराई जैसा कार्यक्रम हमारी संस्कृति और सरकार की संवेदनशीलता दोनों को दर्शाता है।
मंडल अध्यक्ष सूर्यभान राजभर ने कहा कि फतहपुर मंडाव मंडल के सभी बूथों पर कार्यकर्ताओं ने इस सेवा अभियान को सफल बनाया है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए समापन की घोषणा की, लेकिन कहा कि सेवा का कार्य कभी समाप्त नहीं होता, यह निरंतर चलता रहेगा।
कार्यक्रम में ब्लॉक के अधिकारी, कर्मचारी, एडीओ, सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, आशा बहुएं और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Author Profile

पवन कुमार पाण्डेय
पवन कुमार पाण्डेय
प्रधान सम्पादक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here