0 3000 लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, 5000 से अधिक महिलाओं में बांटी गई साड़ी।
मधुबन, मऊ। नगर पंचायत के पांती रोड स्थित गांधी मैदान पर शुक्रवार को तीन शहीद समाजसेवियों की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा व सेवा संकल्प अभियान का कार्यक्रम भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में हजारों की भीड़ उमड़ी। इस दौरान 3000 से अधिक महिला-पुरुषों का चिकित्सकीय परीक्षण कर निःशुल्क दवाएं दी गईं और 5000 से अधिक गरीब महिलाओं में साड़ी का वितरण किया गया। श्रद्धांजलि सभा के बहाने आयोजक भाजपा नेता पूर्व विधायक उमेश चंद पांडेय ने अपना शक्ति प्रदर्शन भी किया, जिसे देखकर विरोधी भी हैरान रह गए।
बता दें कि 21 साल पहले घोसी ब्लॉक में तीन लोकप्रिय जनप्रतिनिधियों – पूर्व ब्लॉक प्रमुख स्व. अखिलेश पांडेय, ज्येष्ठ प्रमुख स्व. गंगाराम और ग्राम प्रधान स्व. रामबचन राम की निर्मम हत्या कर दी गई थी। उन्हीं तीनों समाजसेवियों की 21वीं पुण्यतिथि पर यह श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई थी। कार्यक्रम की शुरुआत तीनों के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
सेवा संकल्प अभियान के तहत गांधी मैदान में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया था। मऊ, आजमगढ़ और गोरखपुर से आए 15 विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक लगातार लोगों का परीक्षण किया।
शिविर में आंख, हड्डी, हृदय, शुगर, ब्लड प्रेशर और महिला रोग विशेषज्ञ मौजूद रहे। करीब 3000 महिला-पुरुषों ने अपना पंजीकरण कराकर स्वास्थ्य जांच कराई। सभी को मौके पर ही निःशुल्क दवाएं भी दी गईं।
इसके साथ ही गरीब, असहाय और विधवा महिलाओं के लिए साड़ी वितरण का कार्यक्रम चला। आयोजक की तरफ से 5000 से अधिक महिलाओं को साड़ी बांटी गई। साड़ी पाकर महिलाओं के चेहरे पर खुशी देखने लायक थी। इसके अलावा हजारों लोगों के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया था।
इस श्रद्धांजलि सभा को पूर्व विधायक उमेश चंद पांडेय के शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। गांधी मैदान में सुबह से ही बाइक, ट्रैक्टर और चार पहिया वाहनों से हजारों समर्थकों का आना शुरू हो गया था। पूरा मैदान खचाखच भर गया था। भीड़ को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि आने वाले विधानसभा चुनाव से पहले उमेश चंद पांडेय ने अपनी ताकत दिखा दी है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को आना था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से वह नहीं पहुंच सके। उनके स्थान पर भाजपा के प्रदेश मंत्री सहजानंद राय और प्रदेश प्रवक्ता आनंद दुबे मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
अपने संबोधन में प्रदेश मंत्री सहजानंद राय ने कहा कि स्व. अखिलेश पांडेय जैसे नेता आज के दौर में कम ही मिलते हैं, जिन्होंने गरीबों के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। भाजपा ऐसे शहीदों को हमेशा याद रखती है। प्रदेश प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि सेवा ही भाजपा का मूल मंत्र है और उमेश चंद पांडेय ने इसे चरितार्थ किया है।
कार्यक्रम में मधुबन ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवीण कुंवर सिंह, बड़राव ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि आद्याशंकर मिश्र, भाजपा नेता शुभम तिवारी, बबलू शुक्ला, रामजी उपाध्याय,डा.नासिर अली ,डा. राजीव कुमार पाण्डेय,योगेश चतुर्वेदी,शेखर पाण्डेय,सतीश पाण्डेय सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्र के सम्मानित लोग मौजूद रहे। अंत में आयोजक पूर्व विधायक उमेश चंद पांडेय ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सेवा संकल्प अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Author Profile
- प्रधान सम्पादक
Latest entries
मऊNovember 6, 2026एसडीएम मधुबन के निर्देश पर अवैध मिट्टी खनन पर बड़ी कार्रवाई: संयुक्त टीम ने 03 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़कर की सीज
मऊNovember 6, 2026धनतेरस पर झुमकर लोगों ने किया खरीददारी
मऊNovember 6, 2026जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किसान सहकारी चीनी मिल्स लिमिटेड घोसी के प्रबंध समिति की बैठक संपन्न
मऊNovember 6, 2026फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति किसानों को जागरूक करने हेतु प्रचार वाहन रवाना












