Home मऊ फसल की निगरानी करने गये किसान की वाहन के चपेट में आने...

फसल की निगरानी करने गये किसान की वाहन के चपेट में आने से मौत 

मऊ। जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के रैकड़ मोड़ स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर सोमवार सुबह करीब सात बजे खेत देखने गए 60 वर्षीय किसान की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

नोनियापुर निवासी बेचू चौहान (60) सोमवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे स्थित अपने धान के खेत की फसल देखने गए थे। इसी दौरान भुजही मोड़ की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे।

किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक मृतक का इकलौता पुत्र चंद्रभान दिल्ली में एक निजी कंपनी में काम करता है। घर पर मृतक की वृद्ध पत्नी और बहू रहती हैं। परिवार की जीविका मुख्य रूप से खेती पर ही निर्भर थी।

कोतवाली प्रभारी केके वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एक्सप्रेसवे के किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से फरार वाहन की पहचान और चालक की तलाश की जा रही है।

Author Profile

पवन कुमार पाण्डेय
पवन कुमार पाण्डेय
प्रधान सम्पादक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here