Home मऊ 27 सितंबर तक सभी विभाग माइक्रो प्लान तैयार कर उपलब्ध कराएं :...

27 सितंबर तक सभी विभाग माइक्रो प्लान तैयार कर उपलब्ध कराएं : मुख्य विकास अधिकारी

मऊ। संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान अक्टूबर-2026 को सफलतापूर्वक संचालित किए जाने के संबंध में जनपद स्तरीय प्रथम अंतरविभागीय बैठक मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जिलाधिकारी कैंप कार्यालय स्थित सभागार में संपन्न हुई। बैठक में गत संचारी रोग नियंत्रण अभियान के परिणामों की विभागवार समीक्षा करते हुए आगामी अभियान की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि पंचायती राज विभाग के कई पैरामीटर पर जनपद की उपलब्धियां राज्य स्तर के औसत से कम रही हैं। इसी प्रकार शिक्षा एवं कृषि विभाग के प्रदर्शन में भी राज्य स्तर के सापेक्ष कमी पाई गई। मुख्य विकास अधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को सभी पैरामीटर पर विशेष ध्यान देते हुए उपलब्धियों में सुधार लाने तथा आगामी अभियान में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग की समीक्षा में राज्य स्तर की 96 प्रतिशत उपलब्धि के सापेक्ष जनपद की 93 प्रतिशत उपलब्धि पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों के लिए जागरूकता कैंप आयोजित करने हेतु निर्धारित शेड्यूल तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कैंपों में किसानों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिससे सर्वेक्षण के दौरान सही एवं प्रभावी रिपोर्टिंग सुनिश्चित हो सके।
स्वास्थ्य विभाग के कुछ पैरामीटर पर भी राज्य स्तर के मुकाबले कम उपलब्धि पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने आशाओं को बेहतर प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आशाओं को मच्छरों के प्रजनन स्थलों, मच्छर जनित रोगों से बचाव तथा मच्छरों के प्रजनन को रोकने के उपायों की पूरी जानकारी दी जाए, ताकि वे गांवों में प्रभावी ढंग से लोगों को जागरूक कर सकें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी पंकज राय ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक तथा दस्तक अभियान 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनपद स्तरीय यह प्रथम अंतरविभागीय बैठक है तथा अभियान के लिए प्रशिक्षण की तिथियां भी निर्धारित कर दी गई हैं। ब्लॉक एवं स्थानीय निकाय स्तर पर प्रशिक्षण एवं संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को शीघ्र ब्लॉक स्तरीय बैठकें आयोजित करने तथा 27 सितंबर 2026 तक माइक्रो प्लान तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान से जुड़े सभी विभाग अपनी तैयारियां समय से पूर्ण कर लें तथा आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्ययोजना बनाकर अभियान को सफल बनाएं।
उन्होंने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान में पंचायती राज, नगर विकास, शिक्षा, पशुपालन, महिला एवं बाल कल्याण, सिंचाई, कृषि एवं उद्यान सहित सभी संबंधित विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका है। गत अभियान में जिन विभागों का प्रदर्शन राज्य स्तर के औसत से कम रहा है, वे विशेष प्रयास करते हुए इस बार बेहतर परिणाम सुनिश्चित करें। किसी भी दशा में जनपद का प्रदर्शन राज्य स्तर के औसत से कम नहीं होना चाहिए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित विभाग के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एसीएमओ डॉ. आर.एन. सिंह, जिला कृषि अधिकारी सोम प्रकाश गुप्ता, समस्त खंड विकास अधिकारी, समस्त स्वास्थ्य अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Author Profile

पवन कुमार पाण्डेय
पवन कुमार पाण्डेय
प्रधान सम्पादक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here