Home मऊ शहीद स्मारक पर दीप प्रज्वलन कर विधायक रामविलास चौहान ने PM के...

शहीद स्मारक पर दीप प्रज्वलन कर विधायक रामविलास चौहान ने PM के दीर्घायू होने की किया कामना

मऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर पूरे देश में सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मधुबन विधानसभा के ऐतिहासिक शहीद स्मारक कटघराशंकर पर भव्य दीप प्रज्वलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व मधुबन विधायक रामविलास चौहान ने किया।

कार्यक्रम में विधायक रामविलास चौहान ने शहीद स्तंभ पर दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। उसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने हाथ में दीप लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ रहने और दीर्घायु होने की कामना की। पूरे शहीद स्मारक परिसर को दीपों से सजाया गया था, जिससे वहां का दृश्य अत्यंत मनोरम लग रहा था। दीपों की रोशनी में शहीद स्मारक जगमगा उठा।

इस अवसर पर विधायक रामविलास चौहान ने कहा कि नरेंद्र मोदी जैसे नेतृत्वकर्ता सदियों में एक बार मिलते हैं। उनके नेतृत्व में भारत आज विश्व में अपना परचम लहरा रहा है। आज भारत की गिनती दुनिया की बड़ी आर्थिक शक्तियों में हो रही है। प्रधानमंत्री ने गरीबों के कल्याण के लिए तमाम योजनाएं चलाई हैं, जिसका लाभ आज गांव-गांव तक पहुंच रहा है।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री का पूरा जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित है। उन्होंने अपना पूरा जीवन देश के नाम कर दिया है। उनके जन्मदिन को भारतीय जनता पार्टी सेवा पखवाड़ा के रूप में मना रही है। हम सभी कार्यकर्ता सेवा कार्यों के माध्यम से उनका जन्मदिन मना रहे हैं। कहीं अस्पतालों में फल वितरण हो रहा है, तो कहीं स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। यही सच्ची राष्ट्र सेवा है।

0 शहीदों को दी श्रद्धांजलि…
दीप प्रज्वलन के बाद शहीद स्मारक पर शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विधायक रामविलास चौहान ने शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण किया और उनके बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि यह वही पावन धरती है, जहां के वीर सपूतों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। सन 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में कटघराशंकर के शहीदों का योगदान अतुलनीय है। हम उनके बलिदान को कभी नहीं भूल सकते। युवाओं को उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए और देश सेवा के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए।

इस दौरान शहीद स्मारक पर देशभक्ति का माहौल रहा। लोगों ने भारत माता की जय, शहीदों अमर रहें और वंदे मातरम के नारे लगाए। पूरे परिसर में देशभक्ति गीत गूंजते रहे। उपस्थित लोगों ने शहीदों की कुर्बानी को नमन किया।

0 सेवा ही संगठन का मूल मंत्र…
विधायक ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र सेवा ही संगठन है। प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा सेवा को सर्वोपरि रखा है। उनके जन्मदिन पर हम सभी ने संकल्प लिया है कि हम गरीब, शोषित और वंचित वर्ग की सेवा करेंगे। शहीद स्मारक पर दीप जलाना इस बात का प्रतीक है कि हम अपने शहीदों के सपनों का भारत बनाएंगे।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मधुबन दीपक सिंह, बीडीओ अनिल कुमार कुशवाहा, भाजपा नेता अभिषेक सिंह, शिवानंद मल्ल, राजीव मल्ल, संजय चौहान, बिपीन तिवारी, आशीष दुबे, विनोद चौहान , ऋषभ मल्ल सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को प्रधानमंत्री के जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और राष्ट्र निर्माण में सहयोग का संकल्प लिया।

Author Profile

पवन कुमार पाण्डेय
पवन कुमार पाण्डेय
प्रधान सम्पादक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here