मऊ। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के तत्वाधान में बुधवार को जिला मुख्यालय मऊ पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। धरना-प्रदर्शन में जनपद मऊ के समस्त जिला पदाधिकारी, विधानसभा अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, मंडल और सेक्टर स्तर के पदाधिकारी, भाईचारा कमेटी और फ्रंटल संगठन के सभी कार्यकर्ता शामिल रहे।
जिलाध्यक्ष शिवाजी गौतम ने बताया कि यह धरना-प्रदर्शन प्रदेश में बढ़ रही घटनाओं और कार्यकर्ताओं की मांगों को लेकर किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के साथ हो रहे अन्याय पर चुप है, जिसे आजाद समाज पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी।
0 धरना प्रदर्शन के प्रमुख मुद्दे…
1- हत्याओं में न्याय की मांग..
जनपद गोंडा में भाई विनोद साहनी की निर्मम हत्या, भाई रमेश कोरी की पीट-पीटकर हत्या एवं जनपद अयोध्या में भाई राम लगन मौर्य की गोली मारकर हत्या के मामलों में न्याय एवं दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इन सभी मामलों में अभी तक दोषियों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
2- चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हमला…
दिनांक 13 सितंबर को माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना लोकसभा सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद जी के काफिले पर हुए हमले के संबंध में दोषियों एवं लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। पार्टी ने इसे सांसद की सुरक्षा में बड़ी चूक बताया।
3- पंचायत सहायकों का समर्थन…
लखनऊ के ईको गार्डन में पंचायत सहायकों द्वारा किए जा रहे धरने का समर्थन किया गया तथा उनकी समस्त जायज मांगों को तत्काल पूरा कराने की मांग उठाई गई।
4- 68500 शिक्षक भर्ती आरक्षण घोटाला…
68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण घोटाले के संबंध में पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा दिए गए आदेश का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित कराने की मांग की गई। पार्टी ने कहा कि पिछड़े वर्ग के अभ्यर्थियों के साथ अन्याय हुआ है।
5- धार्मिक स्थलों पर कार्रवाई का विरोध…
सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित मस्जिद एवं मुरादाबाद की मुस्तफा मस्जिद सहित अन्य धार्मिक स्थलों के संबंध में सरकार द्वारा की जा रही कार्रवाई के विरोध में आवाज बुलंद की गई।
धरना-प्रदर्शन के बाद जिलाध्यक्ष शिवाजी गौतम के नेतृत्व में अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी भी की।












