Home Uncategorized खेल दिवस के अवसर पर बच्चों ने खेलों में किया प्रतिभाग

खेल दिवस के अवसर पर बच्चों ने खेलों में किया प्रतिभाग

मऊ। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को गुजराती स्मारक शिक्षण सेवा संस्थान, भावनपुर, घोसी, मऊ की ओर से विकासखंड दोहरीघाट के दरगाह क्षेत्र स्थित राजेंद्र नगर (आदमपुर) खेल मैदान में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक चले कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से 150 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इनमें करीब 50 युवा लड़कियां भी शामिल रहीं।
कार्यक्रम में 100 मीटर दौड़, कबड्डी, खो-खो, लंबी कूद और ऊंची कूद सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छापरदूसर, बहरामपुर, बनकटा, खड़ीचा, कोल्हुआ खास, मीरपुर और आदमपुर के युवाओं ने प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य खेलों के माध्यम से युवाओं में समानता, सामाजिक समरसता, भेदभाव के विरुद्ध सोच, नेतृत्व क्षमता और लैंगिक समानता को बढ़ावा देना रहा। खेल मैदान में जाति, धर्म और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर लड़के और लड़कियों ने एक साथ प्रतिभाग किया। इससे युवाओं में आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना को बढ़ावा मिला।
संस्था के प्रमुख विवेक पाण्डेय ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये समानता, न्याय और बंधुता के प्रतीक भी हैं। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में सभी प्रतिभागियों को समान अवसर मिलता है। लड़के और लड़कियों की समान भागीदारी समाज में लैंगिक समानता का सकारात्मक संदेश देती है।
प्रतियोगिताओं के समापन के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों एवं युवाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संस्था के अमरजीत कुशवाहा, सुर्मिला राजभर, संध्या, रेखा, शिव शंकर, मोहम्मद शराफत सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here