मऊ ।जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के गोफा गांव के पास शुक्रवार देर रात पुलिस और अंतर्जनपदीय शातिर लुटेरे के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। घायल बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बदमाश की पहचान सूरज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार बदमाश किसी दूसरी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, तभी मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी के दौरान मुठभेड़ हो गई। इस संबंध में सीओ जितेंद्र सिंह ने जानकारी दी।जानकारी के अनुसार दोहरीघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक शातिर लुटेरा किसी घटना को अंजाम देने के लिए गोफा गांव के आसपास घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने तत्काल टीम गठित कर इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस को देखकर बदमाश ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। मौके से पुलिस ने एक तमंचा, कारतूस और लूट का कुछ सामान भी बरामद किया है।
0 कई जनपदों में 13 मुकदमे हैं …
घायल बदमाश की पहचान सूरज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सूरज एक शातिर अंतर्जनपदीय लुटेरा है। उसके खिलाफ मऊ, आजमगढ़ सहित कई जनपदों में लूट, चेन स्नेचिंग और आर्म्स एक्ट के कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं। वह काफी समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था। पिछले दिनों ही इसने मऊ शहर में मंदिर से बाहर निकल रही एक महिला के गले से चेन स्नेचिंग की घटना को अंजाम दिया था। इस घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। महिला ने थाने में तहरीर दी थी, जिसके आधार पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला था। फुटेज में सूरज की पहचान हुई थी इस पूरे मामले पर सीओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि दोहरीघाट थाना क्षेत्र के गोफा गांव के पास चेकिंग के दौरान बदमाश सूरज कुमार पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ है। उसके पैर में गोली लगी है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।सीओ ने बताया कि बदमाश शातिर किस्म का अपराधी है और कई जिलों में उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं। वह किसी दूसरी घटना को अंजाम देने की फिराक में था। उसके पास से अवैध असलहा और लूट का सामान बरामद हुआ है।पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है।










