मऊ। पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती हुई किल्लत एवं पेट्रोल पंपो पर वाहनों की लगी लम्बी कतारों को देखतें हुए जिलाधिकारी आनंद वर्धन के निर्देश के बाद उपजिलाधिकारी मधुबन के नेतृत्व में तहसील क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक पेट्रोल पंपों की सघन जांच की गई। इस दौरान कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोलियम पदार्थों का स्टॉक शून्य रहा । कटघरा शंकर एवं बनियाबान स्थित एक पेट्रोल पंप पर सुचारू रूप से वाहनों को पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति की जा रही थी। सभी संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप तेल वितरण करने तथा स्टाक रजिस्टर अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिया गया। बतादें कि पेट्रोलियम पदार्थों के किल्लत को देखते हुए पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारे देखने को मिल रही है वही कई पेट्रोल पंपों द्वारा कालाबाजारी करने की शिकायत मिल रही थी। जिससे आमजन को दुश्वारियों का सामना करना पड़ा था। इसकी लगातार शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने गंभीरता से लेते हुए सभी पेट्रोल पंपों की सघनता से जांच करने के निर्देश दिए थे ।इस क्रम में एसडीएम मधुबन सत्य प्रकाश के नेतृत्व में मधुबन क्षेत्र के रौज स्थित पेट्रोल पंप ,कटघराशंकर और बनियाबान सहित आधा दर्जन पेट्रोल पंपों की सघनता से जांच करते हुए स्टाफ का मिलान किया गया। जांच में रौज स्थित पेट्रोल पंप पर स्टॉक शून्य पाया गया। वही कटघरा शंकर एवं बनियाबान के एक पेट्रोल पंप पर वाहनों के लंबी कतारों के बीच पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति की जा रही थी। इस संबंध में एसडीएम सत्यप्रकाश ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थो को लेकर कालाबाजारी की शिकायत मिल रही थी। इस क्रम में पेट्रोल पंपों का जांच करते हुए सरकार के गाइडलाइन के अनुरूप पेट्रोलियम पदार्थों के आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं। जांच अभियान आगें भी चलता रहेगा।









