0 खेलों के प्रति युवाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित हुई प्रतियोगिता, खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा।
मऊ। मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वावधान में विकासखंड रानीपुर स्थित ग्रामीण स्टेडियम फतेहपुर में वॉलीबॉल खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं एवं खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उन्हें अपनी खेल प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना रहा।
प्रतियोगिता में ग्रामीण स्टेडियम फतेहपुर एवं आसपास की ग्राम पंचायतों के इच्छुक खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने वॉलीबॉल प्रतियोगिता में अपनी खेल प्रतिभा एवं कौशल का प्रदर्शन करते हुए पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में काफी उत्साह देखने को मिला तथा उन्होंने अनुशासन एवं खेल भावना का परिचय दिया।
कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी विनु कुमार सिंह के मार्गदर्शन में कराया गया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है कि खिलाड़ियों को उचित प्रशिक्षण, संसाधन एवं मंच उपलब्ध कराया जाए। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है तथा उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं टीम भावना का विकास होता है।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर ग्रामीण स्टेडियम फतेहपुर में अभ्यासरत बच्चों को दैनिक अभ्यास के लिए स्पार्टन कंपनी की वॉलीबॉल पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गई। वॉलीबॉल उपलब्ध कराए जाने से खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करने में सुविधा मिलेगी और उनकी खेल क्षमता में और अधिक निखार आएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं आयोजकों ने खिलाड़ियों को नियमित रूप से अभ्यास करने, अनुशासन बनाए रखने तथा खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के अधिक से अधिक युवाओं को खेल गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर ग्रामीण स्टेडियम फतेहपुर के खिलाड़ी एवं आसपास की ग्राम पंचायतों से आए इच्छुक खिलाड़ी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए एवं नियमित खेल अभ्यास के लिए प्रेरित करने के साथ हुआ।










