Home मऊ मां-बेटा-बेटी ने एक साथ उत्तीर्ण की यूपीटेट परीक्षा, पेश की मिसाल

मां-बेटा-बेटी ने एक साथ उत्तीर्ण की यूपीटेट परीक्षा, पेश की मिसाल

मऊ। जनपद के नगर नगर पंचायत के भोला रोड निवासी मां, बेटा और बेटी ने एक साथ उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटेट) 2026 उत्तीर्ण कर क्षेत्र में एक मिसाल पेश की है। खास बात यह है कि मां विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक की जिम्मेदारी निभाने के साथ पारिवारिक दायित्वों और जनगणना ड्यूटी के बीच परीक्षा की तैयारी करती रहीं। इसके बावजूद उन्होंने बेटे-बेटी के लगभग बराबर अंक हासिल कर अपनी लगन और शैक्षणिक दक्षता का परिचय दिया। भोला रोड निवासी डा. ममता पांडेय उच्च प्राथमिक विद्यालय कटघराशंकर में प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने यूपीटेट में प्राथमिक स्तर पर 119 अंक और उच्च प्राथमिक स्तर पर 105 अंक हासिल किए। इससे पहले उन्होंने केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट) में भी प्राथमिक स्तर पर 98 और उच्च प्राथमिक स्तर पर 92 अंक प्राप्त किए थे। डा. ममता पांडेय के लिए इस परीक्षा की तैयारी आसान नहीं थी। तीन जुलाई को यूपीटेट की परीक्षा थी, जबकि एक जुलाई को उनके मायके में शादी का कार्यक्रम था। इसके साथ ही विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक की जिम्मेदारी निभाने के साथ उन्हें कटघराशंकर गांव में जनगणना ड्यूटी भी करनी थी। इन तमाम जिम्मेदारियों के बावजूद उन्होंने तैयारी जारी रखी और सफलता हासिल की।वहीं उनके बेटे मंगलेश पांडेय ने उच्च प्राथमिक स्तर पर 127 अंक, जबकि बेटी मीमांसा पांडेय ने 121 अंक प्राप्त कर परीक्षा उत्तीर्ण की। दोनों ने बीएड किया हुआ है, इसलिए उन्होंने केवल उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा दी थी।परिवार की इस उपलब्धि पर घर के मुखिया धनंजय पांडेय ने खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरे परिवार के लिए बेहद खुशी की बात है कि पत्नी, बेटा और बेटी तीनों ने एक साथ यूपीटेट परीक्षा उत्तीर्ण की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि मेहनत, लगन और शिक्षा के प्रति समर्पण का परिणाम है।

Author Profile

पवन कुमार पाण्डेय
पवन कुमार पाण्डेय
प्रधान सम्पादक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here