मऊ। रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। इसी पावन पर्व को लेकर गुरुवार को मऊ जनपद के कोइरियापार स्थित शत्रुघ्न मौर्य स्मारक शिक्षण प्रशिक्षण सेवा संस्थान में भव्य रक्षाबंधन समारोह का आयोजन किया गया। संस्थान में अध्ययनरत बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और उज्जवल भविष्य की कामना की, वहीं भाइयों ने जीवन भर रक्षा करने का वचन दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के प्रबंधक रूमाली देवी और शिक्षकों द्वारा दीप प्रज्वलन कर की गई। इसके बाद बहनों ने थाल में रोली, चंदन, अक्षत, मिठाई और राखी सजाकर भाइयों का तिलक किया और कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। इस दौरान पूरा परिसर “रक्षाबंधन की शुभकामनाओं” से गूंज उठा। कई बहनों की आंखों में भावुकता और खुशी के आंसू भी देखे गए।
0 भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक है रक्षाबंधन…
संस्थान के अध्यापक अध्यापक मनोज कुमार मौर्य, शैलेश मौर्य, श्यामलाल, हरिनाथ गोड ने इस अवसर पर कहा कि रक्षाबंधन केवल एक धागा नहीं, बल्कि एक भावना है, एक संकल्प है। यह पर्व हमें याद दिलाता है कि बहन की रक्षा करना केवल एक भाई की ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। आज के समय में जब समाज में कई तरह की विकृतियां आ रही हैं, ऐसे आयोजनों से बच्चों में संस्कार और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान बढ़ता है।
उन्होंने कहा कि शत्रुघ्न मौर्य स्मारक शिक्षण प्रशिक्षण सेवा संस्थान सिर्फ शिक्षा ही नहीं, बल्कि संस्कार भी देता है। हमारा उद्देश्य बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ-साथ अच्छे नागरिक बनाना भी है। ऐसे पर्वों के आयोजन से बच्चों में आपसी भाईचारा, प्रेम और सम्मान की भावना विकसित होती है।
0 बहनों ने दिया बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश…
कार्यक्रम में उपस्थित बहनों ने कहा कि रक्षाबंधन का यह पर्व उनके लिए बेहद खास है। संस्थान में सभी छात्र-छात्राएं एक परिवार की तरह रहते हैं। एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े होते हैं। राखी बांधकर हमने न सिर्फ अपने भाइयों बल्कि पूरे समाज से यह अपील की है कि वे महिलाओं और बहनों का सम्मान करें।कई बहनों ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और महिला सशक्तिकरण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं। जरूरत है उन्हें अवसर और सुरक्षा देने की।
0 मिठाइयां बांटकर मनाई खुशी…
राखी बांधने के बाद भाइयों ने बहनों को उपहार दिए और मिठाइयां खिलाई। संस्थान की ओर से सभी बच्चों के लिए विशेष भोजन और मिठाइयों की व्यवस्था की गई थी। सभी ने एक साथ बैठकर भोजन किया। अंत में सभी ने एक-दूसरे को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर संस्थान की अध्यापिका संध्या मौर्या ,मनोरमी देवी, गुलिस्ता, दुर्गावती देवी,देवती देवी सपना प्रजापति, आंचल कुमारी आदि लोग उपस्थित रहें।










