मऊ। मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव द्वारा विकास खण्ड फतेहपुर मण्डाव की ग्राम पंचायत बस्ती वर्सी निधियाँव एवं ग्राम पंचायत काठतरॉव में विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायत बस्ती वर्सी निधियाँव में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया गया। विद्यालय के मुख्य भवन, मिड-डे मील भवन, बाल वाटिका भवन, मल्टीपरपज हॉल, स्टाफ आवासीय भवन, प्रधानाचार्य आवास, डॉरमेट्री एवं गार्ड रूम का कार्य पूर्ण पाया गया। वहीं पेंटिंग, वायरिंग, टाइल्स, स्थल विकास, वाटर सप्लाई, ओवरहेड टैंक एवं बाउंड्रीवाल आदि के कार्य अभी अपूर्ण पाए गए। मौके पर कार्य प्रगति पर था। मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यदायी संस्था सी.एण्ड डी.एस. को सभी अवशेष कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। अभियंता द्वारा अवगत कराया गया कि स्थल पर कुछ व्यक्तियों द्वारा नापी किए जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया है, जिसके कारण बाउंड्रीवाल, किचन एवं गार्ड रूम का कार्य प्रभावित हो रहा है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने मौके से ही तहसीलदार मधुबन को तीन दिवस के भीतर स्थल की नापी कराकर तत्काल अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कार्य की प्रगति संतोषजनक पाई गई। इसके पश्चात ग्राम पंचायत काठतरॉव में स्थापित डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण किया गया। डिजिटल लाइब्रेरी पंचायत भवन के एक कक्ष में बनाई गई है। लाइब्रेरी में 10 कुर्सियां, 03 मेज तथा 04 अलमारियों में पुस्तकें रखी हुई पाई गईं। निरीक्षण के दौरान कक्ष को अभी पूर्ण रूप से सुसज्जित नहीं किया गया था। ग्राम प्रधान एवं सचिव द्वारा अवगत कराया गया कि सामान चोरी होने की आशंका के कारण कुछ सामग्री सुरक्षा की दृष्टि से उनके आवास पर रखी गई है। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि डिजिटल लाइब्रेरी को तत्काल व्यवस्थित कराकर उसका नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा समस्त सामग्री को लाइब्रेरी में स्थापित कराया जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्यों को निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जाए तथा पूर्ण कराए गए कार्यों का जनहित में प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।












