मऊ। जनपद के सीएचसी फतेहपुर मंडाव सहित सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर बुधवार को विटामिन ए एवं IFA सिरप वितरण अभियान की शुरुआत हुई। सीएचसी प्रभारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने इसकी शुरुआत की। फिर स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात एएनएम द्वारा गाँव में डोर-टू-डोर सर्वे कर 9 माह से लेकर 5 साल तक के बच्चों को विटामिन ‘ए’ की खुराक पिलाई गयी। साथ में इनके बीच IFA(Iron Folic Acid) सिरप का निशुल्क वितरण किया गया। इस अभियान के तहत पहले दिन 236 बच्चों को विटामिन ‘ए’ की खुराक दी गयी और उनके बीच सीरप का वितरण हुआ।
अभियान के सम्बन्ध में सीएचसी प्रभारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस पुरे माह यह अभियान चलाया जायेगा। आज तहसील क्षेत्र के सभी स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनवाड़ी केंद्रों पर इसकी शुरुआत की गयी। डोर-टू-डोर संपर्क अभियान भी चलाया गया। यह 9 माह से लेकर 5 साल तक आयु पूर्ण कर चुके बच्चों के लिए है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करें और इस अभियान का हिस्सा बनें। इस आयु वर्ग के बच्चों के लिए विटामिन ए और आईएफए सिरप दोनों महत्वपूर्ण हैं।
विटामिन ए बच्चों के आँखों की रोशनी बढ़ाने, उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने और उनके स्वास्थ्य के विकास में मददगार होता है। वहीं IFA सिरप बच्चों को एनीमिया से बचाता है और उनके शरीर में आयरन की कमी को पूरा करता है। यह बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में भी सहायक है।
डॉ. अनीता सिंह, कार्यक्रम अधिकारी शहनवाज अहमद, बीसीपीएम सुर्य प्रकाश त्रिपाठी, स्टॉफ नर्स आरती सिंह, पूनम यादव सहित सीएचसी पर तैनात सभी स्वास्थ्यकर्मी ने इस अभियान में अपना सहयोग दिया।












