Home मऊ ग्रामीणों ने सीसी मार्ग पर जलजमाव की समस्या को लेकर नायब तहसीलदार...

ग्रामीणों ने सीसी मार्ग पर जलजमाव की समस्या को लेकर नायब तहसीलदार को सौंपा पत्रक

0 तीन गांवों का मुख्य संपर्क मार्ग पानी में डूबा
0 नायब तहसीलदार ने ग्रामीणों को दिया त्वरित समाधान का आश्वासन

मऊ। जनपद के मधुबन तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत गंगऊपुर गांव में मुख्य सीसी मार्ग पर नाले का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर बहने के कारण ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है। इस गंभीर समस्या से आक्रोशित गंगऊपुर और आसपास के ग्रामीणों ने गुरुवार को तहसील मुख्यालय पर पहुंचे। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को संबोधित एक प्रार्थना पत्र नायब तहसीलदार राजदीप यादव को सौंपकर समस्या के स्थाई समाधान की मांग की। सौंपे गए पत्रक में गंगऊपुर निवासी विशेश्वर नाथ राय पुत्र फौजदार राय ने बताया कि गंगऊपुर गांव के मुख्य सीसी मार्ग पर नाले का गंदा पानी पूरी तरह फैल चुका है। सड़क ने अब एक बड़े नाले का रूप ले लिया है। इस मुख्य रास्ते से रोज गंगऊपुर के साथ-साथ मौजा सुआह और भठिया गांव के सैकड़ों लोगों का रोजाना आना-जाना लगा रहता है। सड़क पर लगे गंदे पानी और कीचड़ के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन लोग इस रास्ते पर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस जलभराव की समस्या को लेकर पहले भी कई बार संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिए गए थे, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के कारण आज तक जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। अधिकारियों की इसी लापरवाही से नाराज होकर आज ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया। गुरुवार को तहसील मुख्यालय पर पत्रक सौंपने वालों में मुख्य रूप से विशेश्वर नाथ राय, पूर्व प्रधान रामजीत, राधेश्याम राय, अंगद यादव, सुमित यादव, विजय प्रताप, रोहित राज, अच्छेलाल, रमेश आदि ग्रामीण उपस्थित रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार राजदीप यादव ने मौके पर ही ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे जल्द ही संबंधित विभाग की टीम को भेजकर नाले की सफाई और पानी की निकासी का स्थाई बंदोबस्त कराएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here