0 कोतवाली परिसर में अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई, नियमानुसार नष्ट किया गया शराब का जखीरा
मऊ। जनपद के मोहम्मदाबाद कोतवाली परिसर में विभिन्न मामलों में जब्त कर सुरक्षित रखी गई करीब 340 लीटर अवैध शराब को बुधवार को एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री की मौजूदगी में नियमानुसार नष्ट कराया गया। शराब नष्ट करने की कार्रवाई प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में की गई। बताया गया कि पुलिस द्वारा अलग-अलग मामलों में बरामद की गई शराब को मुकदमों से संबंधित साक्ष्य के रूप में कोतवाली में सुरक्षित रखा गया था। न्यायालय एवं सक्षम अधिकारियों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसके निस्तारण की कार्रवाई की गई। एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री ने कोतवाली पहुंचकर संबंधित अभिलेखों की जांच की तथा बरामद शराब की मात्रा का सत्यापन कराया। इसके बाद अधिकारियों की निगरानी में करीब 340 लीटर शराब, जिसकी कीमत लगभग एक लाख 57 हजार रुपये बताई गई, नियमानुसार नष्ट कर दी गई। कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ राजस्व विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि जब्त शराब को नियमानुसार निस्तारित किया जाता है। एसडीएम ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि जब्त सामग्री के निस्तारण की प्रक्रिया पारदर्शी एवं नियमों के अनुरूप पूरी की जाए। कोतवाल कमलकांत वर्मा ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान रामदुलारे समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।










