मऊ।”पिढवल मोड़ बवाल में बड़ी कार्रवाई: 39 नामजद, 250 अज्ञात पर केस, CCTV से होगी गिरफ्तारी”
मऊ जिले के घोसी क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद हुए बवाल में अब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पिढवल मोड़ पर बुजुर्ग महिला की मौत के बाद हुए चक्का जाम और पुलिस पर पथराव के मामले में 39 नामजद समेत 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस सीसीटीवी और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।
वीओ-1:
घटना घोसी कोतवाली क्षेत्र के हाजीपुर स्थित पिढवल मोड़ की है। सेमराडाड़ गांव निवासी 70 वर्षीय शांति देवी शुक्रवार शाम सब्जी खरीदने के लिए घर से निकली थीं। बताया जा रहा है कि वह वाराणसी-गोरखपुर नेशनल हाईवे पार कर रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
वीओ-2:
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने लगातार हो रहे सड़क हादसों के लिए प्रशासन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए वाराणसी-गोरखपुर नेशनल हाईवे पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। जाम के चलते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
वीओ-3:
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी घोसी डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक रविंद्र नाथ राय और नायब तहसीलदार अभिषेक वर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने करीब दो घंटे तक ग्रामीणों को समझाने और जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। लेकिन जब पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कोशिश की, तो स्थिति अचानक बिगड़ गई।
वीओ-4:
आरोप है कि कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिसकर्मियों को जान बचाने के लिए पीछे हटना पड़ा। हालात को नियंत्रित करने और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग और लाठीचार्ज किया। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वीओ-5:
घटना के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए उपनिरीक्षक दिवाकर राना की तहरीर पर 39 नामजद और लगभग 200 से 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों पर हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, पुलिस पर हमला करने और आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम सहित बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
वीओ-6:
पुलिस द्वारा दर्ज मुकदमे में कई स्थानीय लोगों के नाम शामिल किए गए हैं, जबकि बड़ी संख्या में अज्ञात उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को भी जांच का आधार बनाया गया है।
बाइट – क्षेत्राधिकारी घोसी डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह
“पुलिस पर पथराव करने, कानून व्यवस्था बिगाड़ने और भय का माहौल पैदा करने के मामले में 39 नामजद और लगभग 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।”
एंकर आउट्रो:
पिढवल मोड़ पर बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत के बाद शुरू हुआ विरोध अब कानूनी कार्रवाई के बड़े मामले में बदल गया है। एक तरफ ग्रामीण सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं पर सवाल उठा रहे हैं, तो दूसरी तरफ पुलिस पर पथराव करने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। अब देखना होगा कि जांच में और कितने लोगों की पहचान होती है और पुलिस आगे क्या कदम उठाती है।










