Home मऊ खराब प्रगति पर दोहरीघाट,वलीदपुर एवं मुहम्मदाबाद गोहना के अधिशासी अधिकारियों को कारण...

खराब प्रगति पर दोहरीघाट,वलीदपुर एवं मुहम्मदाबाद गोहना के अधिशासी अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

मऊ। आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में नगरीय निकायों के कार्यों एवं उनमें संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति, स्वच्छता व्यवस्था, कूड़ा एवं अपशिष्ट प्रबंधन, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, राजस्व वृद्धि तथा जनसुविधाओं से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वंदन योजना की समीक्षा के दौरान नगर पंचायत दोहरीघाट, वलिदपुर एवं मुहम्मदाबाद गोहना की प्रगति सबसे खराब पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिशासी अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगले माह तक कार्यों में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर और कठोर कार्रवाई की जाएगी।एमआरएफ सेंटर के निर्माण की समीक्षा के दौरान नगर पंचायत घोसी में कार्य पूर्ण होने के बावजूद आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर केंद्र को संचालित एवं क्रियाशील करने के निर्देश दिए। जिन नगर पंचायतों में एमआरएफ सेंटर संचालित हैं, वहां कूड़े को निर्धारित शेड के अंदर ही रखने,कूड़ा उठान के सभी निर्धारित प्वाइंटों पर सतत निगरानी रखने तथा साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सफाई कर्मियों की नियमित उपस्थिति की निगरानी करने और निर्धारित रोस्टर के अनुसार सफाई एवं कूड़ा उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कूड़ा एवं अपशिष्ट प्रबंधन के लिए भूमि की उपलब्धता की समीक्षा में अदरी, अमिला एवं दोहरीघाट में भूमि उपलब्ध न होने पर जिलाधिकारी ने सरकारी भूमि की अनुपलब्धता की स्थिति में निजी भूमि क्रय करने की कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में सड़क किनारे कूड़ा डंप नहीं किया जाए। जिन निकायों में कूड़ा-अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था पूर्ण नहीं है, वे अपने कूड़े को निकटवर्ती नगर पंचायत के अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। सड़क किनारे कूड़ा पाए जाने पर संबंधित निकाय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत संचालित सार्वजनिक शौचालयों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी शौचालयों को क्रियाशील बनाए रखने तथा आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग के विरुद्ध लगातार अभियान चलाने, नियमित फॉगिंग कराने, नालों की बेहतर सफाई सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समयसीमा में पूरा करने को कहा।
उन्होंने अवैध रूप से सरकारी भूमि का उपयोग कर रहे होर्डिंग-बैनर संचालकों, टैक्सी स्टैंड एवं बस स्टैंड पर प्रभावी निगरानी रखने तथा नियमानुसार टेंडर प्रक्रिया अपनाकर निर्धारित शुल्क एवं टैक्स की वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महत्वपूर्ण स्थलों एवं चौराहों पर होर्डिंग-बैनर लगाने के लिए निर्धारित शुल्क वसूलने पर भी जोर दिया, जिससे नगरीय निकायों की आय में वृद्धि हो सके।
जिलाधिकारी ने सभी नगर पंचायतों को अपने संपत्ति रजिस्टर अद्यतन रखने तथा सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाने पर जोर देते हुए कहा कि निर्देशों का पालन नहीं करने वाले अधिशासी अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।गो-आश्रय स्थलों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने मृत पशुओं के शवों का नियमानुसार एवं यथाशीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी गौशालाओं में पर्याप्त मात्रा में हरे चारे एवं भूसे का भंडारण करने, संबंधित रजिस्टर अद्यतन रखने तथा नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा।
कान्हा गौशालाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्माणाधीन गौशालाओं का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
झील, तालाब एवं पोखरों के संरक्षण से संबंधित योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने छठ पर्व को देखते हुए सभी आवश्यक कार्य पर्व से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने नदी, तालाब एवं अन्य घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने तथा सुरक्षा के समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना न हो, इसके लिए संबंधित निकाय सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करें। लापरवाही के कारण कोई दुर्घटना होने पर संबंधित निकाय की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में आकांक्षी योजना, मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना, अंत्येष्टि स्थल विकास योजना एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना सहित नगरीय निकायों में संचालित अन्य योजनाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा के दौरान पिछले माह की तुलना में प्रगति में सुधार पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त करते हुए सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक आवेदन कराने तथा पात्र लाभार्थियों को योजना से लाभान्वित करने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा। पीएम आवास योजना (शहरी) की समीक्षा के दौरान उन्होंने शत-प्रतिशत ट्रैकिंग कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को लंबित निविदा प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण कराने तथा निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने खराब प्रदर्शन करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही शिलान्यास एवं लोकार्पण से संबंधित कार्यों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की थर्ड पार्टी से जांच कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने नगरीय क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, अन्य निर्माण कार्यों एवं जनसुविधाओं से संबंधित कार्यों पर भी नियमित निगरानी रखने को कहा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी श्री प्रवेंद्र कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मऊ श्री मणि भूषण तिवारी, समस्त अधिशासी अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डूडा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Author Profile

पवन कुमार पाण्डेय
पवन कुमार पाण्डेय
प्रधान सम्पादक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here