मऊ। जनपद के मधुबन थाना की पुलिस ने विवाहिता की दहेज के लिए हत्या करने के मामले में गुरुवार को कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर दहेज हत्या के मुकदमे में वांछित चल रहे मृतका के ससुर और सास को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में मृतका के पति की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है, जबकि तीन अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। जानकारी के अनुसार चकहबीबुल्लाह (भीसहां) निवासी चन्द्रशेखर सिंह पुत्र केदार सिंह ने पिछले माह थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री दिव्या को उसके ससुराल वालों और पति द्वारा अतिरिक्त दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। प्रताड़ना इस हद तक बढ़ गई कि आरोपियों ने मिलकर दिव्या की हत्या कर दी। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था। प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार गुप्ता के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गुरुवार को ग्राम कुण्डाशरीफपुर में दबिश दी। पुलिस ने मृतका के ससुर और सास को सुबह करीब पौने 10 बजे उनके ही घर से धर दबोचा। इनमें ससुर राणा प्रताप (65 वर्ष) पुत्र स्व. हरिश्चन्द्र सिंह व सास बिन्दू (70 वर्ष) पत्नी राणा प्रताप शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड के लिए न्यायालय भेज दिया है। पुलिस के अनुसार इस अपराध में शामिल मृतिका के पति को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। हालांकि तीन अन्य नामजद आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। फरार आरोपियों में रुमा सिंह (मृतका की जेठानी), आनन्द सिंह (मृतका के जेठ) व रोहित सिंह (पति नवनीत सिंह के मामा का लड़का) है। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 258/2026 के तहत बीएनएस की धारा 115(2), 85, 80(2), 61(2), 351(3) और 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।गिरफ्तारी की कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार गुप्ता के साथ उपनिरीक्षक अभिषेक मिश्रा, हेड कांस्टेबल रवि कुमार यादव, रिजर्व कांस्टेबल सूरज कुमार और रिजर्व महिला कांस्टेबल अर्पिता शुक्ला शामिल रहीं।












