मऊ। जनपद के रामपुर थाना क्षेत्र के काठतराव गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक 21 वर्षीय युवती ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से ही परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह करीब 8:30 बजे कुमारी निगम गुप्ता (21 वर्ष) ने अज्ञात कारणों से घर के एक कमरे में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी तब हुई जब परिजन कमरे की तरफ गए। युवती के पिता भगवान गुप्ता पुत्र स्व. जय सोतिम गुप्ता ने रामपुर थाना में पहुंचकर खुदकुशी की घटना की लिखित सूचना दी। आत्महत्या की सूचना मिलते ही रामपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार सरोज, महिला उपनिरीक्षक अनुराधा चौधरी और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फील्ड यूनिट (एफएसएल टीम) को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। थानाध्यक्ष के निर्देशन में महिला उपनिरीक्षक अनुराधा चौधरी ने मृतका के शव का पंचनामा भरने की वैधानिक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि युवती ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया। अभी खुदकुशी के कारण का पता नहीं चल सका है।










