मऊ। डोम-मुसहर-नट-धरिकार बासफोर गरीब समाज पार्टी/अधिकार मंच के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को उपजिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन विक्रम डोम की संदिग्ध मौत के मामले में महामहिम राज्यपाल के नाम था। उपजिलाधिकारी की अनुपस्थिति में प्रतिनिधिमंडल ने स्टेनो को मांग पत्र देकर मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।ज्ञापन में बताया गया है कि दोहरीघाट थाना पुलिस ने विक्रम डोम पुत्र छोटेलाल डोम को गिरफ्तार किया था। इसके बाद जीयनपुर थाने में उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस हिरासत में मारपीट के कारण विक्रम डोम की मौत हुई है।संगठन ने यह भी कहा कि घटना के बाद से अब तक किसी अधिकारी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात नहीं की है और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई है। गरीब समाज पार्टी ने मांग की है कि इस मामले में दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।इसके अतिरिक्त, मृतक के परिजनों को 50 लाख रुपये का मुआवजा, 10 बिस्वा जमीन का पट्टा, आवास और सभी सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाए।गरीब समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अवधेश बागी मुर्दाहवा ने चेतावनी दी है कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला और प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो गरीब समाज पार्टी प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होगी। ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में संदीप कुमार, पवन कुमार, किताबू, दीपक कुमार, लालजी, वीरेंद्र कुमार, राधेर पाऊ, जितेंद्र कुमार, रामभजन और संतोष सहित कई अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।










