Home मऊ भाजपा नेता अमित गुप्ता सहित 5 के खिलाफ मुकदमा दर्ज, व्यक्तिगत भूमि...

भाजपा नेता अमित गुप्ता सहित 5 के खिलाफ मुकदमा दर्ज, व्यक्तिगत भूमि पर जबरन खड़ंजा लगाने और गाली-गलौज का आरोप

मऊ। स्थानीय नगर पंचायत क्षेत्र में व्यक्तिगत भूमि पर जबरन कब्जा कर खड़ंजा लगाने और विरोध करने पर गाली-गलौज करने के मामले में भाजपा नेता आईटी सेल के पूर्व जिला संयोजक अमित गुप्ता सहित 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने भूमिधर संजय साहू की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार वादी संजय साहू निवासी वार्ड नंबर 13 थाना गेट मधुबन, गाटा संख्या 833 के भूमिधर हैं। उनकी आराजी राजस्व विभाग द्वारा धारा 24 के तहत पैमाइश की जा चुकी है और मौके पर पत्थर निशान भी गड़वाए जा चुके हैं। आरोप है कि 27 फरवरी को आरोपीगण मूरत निवासी वार्ड नंबर 5 उसुरी, राजेन्द्र उर्फ बनारसी निवासी वार्ड नंबर 13 थाना गेट, भाजपा नेता आईटी सेल के पूर्व जिला संयोजक अमित गुप्ता निवासी वार्ड नंबर 13, राकेश जायसवाल निवासी वार्ड नंबर 13 थाना गेट और एक अज्ञात व्यक्ति मौके पर पहुंचे। सभी आरोपियों ने वादी की पैमाइशुदा जमीन पर जबरन खड़ंजा लगवाना शुरू कर दिया। जब संजय साहू ने इसका विरोध किया और कहा कि यह भूमि उनकी है और इसकी पैमाइश भी हो चुकी है, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया।
इस मामलें में पीड़ित संजय साहू ने मधुबन कोतवाली में लिखित तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने उपरोक्त सभी के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोप जमीन पर जबरन कब्जा करने, सरकारी काम में बाधा डालने और गाली-गलौज व धमकी देने से संबंधित हैं। मामले की जांच उपनिरीक्षक को सौंपी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस मामलें में भाजपा नेता अमित गुप्ता का नाम मुकदमे में आने से राजनीतिक गलियारों में भी हलचल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जमीन को लेकर विवाद पहले से चलते आ रहे हैं। प्रशासन को ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here