मऊ। राज्य कर मुख्यालय, लखनऊ के निर्देशानुसार बिजनेस सेक्टर वाइज थ्रेड्स ऑफ ऑल काइंड (पतंग धागा, नायलॉन थ्रेड आदि) के निर्माण एवं व्यापार से जुड़े व्यापारियों के साथ राज्य कर कार्यालय, मऊ में “व्यापारी संवाद कार्यक्रम” का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करना, व्यापार को सुगम बनाना तथा मानव जीवन एवं जनसामान्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हानिकारक चाइनीज मांझे के निर्माण एवं बिक्री पर रोक के संबंध में जागरूकता फैलाना था।
बैठक में उपायुक्त राज्य कर बृजेश कुमार दीपंकर, उपायुक्त/कार्यालयाध्यक्ष राज्य कर अवनीश कुमार चौधरी तथा मनोज कुमार यादव ने उपस्थित व्यापारियों को चाइनीज मांझे से होने वाली दुर्घटनाओं, जनहानि एवं संपत्ति की क्षति के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने व्यापारियों से अपील की कि वे किसी भी स्थिति में प्रतिबंधित एवं हानिकारक चाइनीज मांझे का निर्माण अथवा विक्रय न करें तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में प्रशासन का सहयोग करें।
व्यापारी संवाद कार्यक्रम में जनपद के साड़ी एवं धागा कारोबार से जुड़े प्रमुख व्यापारियों ने भाग लिया। इस दौरान सर्वश्री आसिफ ट्रेडिंग कंपनी के आफताब अहमद, कैसर इंडस्ट्रीज के जियाउल हसन, मो. अय्यूब, जंग बहादुर यादव सहित अन्य व्यापारी प्रतिनिधियों ने अपने विचार व्यक्त किए तथा व्यापार से संबंधित विभिन्न सुझाव एवं समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने सभी व्यापारियों से सुरक्षित व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री पर पूर्णतः रोक लगाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।










