0 जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य विकास अधिकारी ने भी वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के दिए संदेश
मऊ। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 एवं “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत जनपद मऊ के लिए नामित नोडल मंत्री एवं कारागार विभाग के मंत्री दारा सिंह चौहान ने आज सदर तहसील के विकासखंड कोपागंज अंतर्गत हिकमा के समीप वाराणसी-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे पौधरोपण किया। उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर माननीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में प्रत्येक वर्ष व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं तथा प्रदेश के वनावरण क्षेत्रफल में निरंतर वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन ही नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के उपरांत निकट स्थित राजन कॉलेज ऑफ एजुकेशन में आयोजित कार्यक्रम में माननीय मंत्री ने छात्र/छात्राओं को पौधे वितरित किए तथा उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए पौधरोपण एवं उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सकता है।
इस दौरान जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन,पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश बहादुर तथा मुख्य विकास अधिकारी श्री विवेक कुमार श्रीवास्तव ने भी “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया तथा जनपदवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाकर उन्हें संरक्षित रखने की अपील की।












